बाल दिवस पर बॉलीवुड ने चुने पसंदीदा बाल कलाकार

बाल दिवस पर बॉलीवुड ने चुने पसंदीदा बाल कलाकार

बाल दिवस पर बॉलीवुड ने चुने पसंदीदा बाल कलाकारमुंबई: बाल दिवस के अवसर पर गुरुवार को बॉलीवुड हस्तियों ने अपने पसंदीदा बाल कलाकारों और बाल गीतों पर बात की। अभिनेत्री रति अग्निहोत्री को फिल्म `दो कलियां` में बाल रूप में नजर आईं नीतू सिंह पसंद आईं। वहीं, दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी ने बेबी नाज को अपनी प्रिय बाल कलाकार बताया।

जब बात प्रिय बाल गीतों की आई तो `रेल गाड़ी` और `लकड़ी की काठी` पसंदीदा गीतों में रहे। यहां प्रस्तुत है बाल कलाकारों और बाल गीतों पर फिल्मी हस्तियों के मन की बात।

शबाना : मेरी मनपसंद बाल कलाकार थीं बेबी नाज और पसंदीदा बाल गीत है फिल्म `बूट पॉलिश` का `नन्हे मुन्ने बच्चे तेरी मुट्ठी में क्या है।`

रति : मेरी पसंदीदा बाल कलाकार नीतू सिंह थीं। `दो कलियां` में दोहरे किरदार में वह अद्भुत थीं। मेरे ख्याल से `गुड्डी` फिल्म का `हमको मन की शक्ति देना` गीत बच्चों के लिए बहुत प्रेरणादायक है।

प्रोसेनजीत : मेरे ख्याल से बाल कलाकार के रूप में मास्टर अलंकार बहुत बढ़िया थे। मुझे फिल्म `हरे रामा हरे कृष्णा` का गीत `फूलों का तारों का` प्रिय है।

प्रभुदेवा : मनपसंद बाल कलाकार हैं कमल हासन सर। `आशीर्वाद` में अशोक कुमार का गाया `रेलगाड़ी` मेरा प्रिय बाल गीत है।

सुशांत सिंह राजपूत : चहेता बाल कलाकार `मासूम` फिल्म के जुगल हंसराज। उन्होंने अपनी प्रस्तुति से दिल द्रवित कर दिया था। पसंदीदा बाल गीत `रंग दे बसंती` का `लुक्का छुपी` है।

राम कपूर : पसंदीदा बाल कलाकार एहसास छन्ना। उन्होंने नौ साल की आयु में `कसम से` में मेरी बेटी का किरदार निभाया था। `तारे जमीन पर` का `मां` गीत पसंद है।

पूजा भट्ट : फिल्म `जख्म` में सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पाने वाले कुणाल खेमू मेरे पसंदीदा बाल कलाकार हैं।

शामक डावर : `मंझली दीदी` और `चंदा और बिजली` सरीखी फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में सचिन पिलगांवकर लाजवाब थे। `बालब्रह्मचारी` का `चक्के में चक्का` मेरा प्रिय गीत है।

स्वरा भास्कर : जूनियर महमूद मेरे प्रिय बाल कलाकार थे और प्रिय बाल गीत `चक्के में चक्का` है।

हितेन तेजवानी : प्रिय बाल कलाकार मास्टर मयूर और मास्टर राजू। चहेता बाल गीत `आशीर्वाद` का `रेलगाड़ी` और `सन ऑफ इंडिया` का `नन्हा मुन्ना राही हूं।`

अमोल गुप्ते : मेरा मनपसंद बाल कलाकार है पार्थो घोष। पसंदीदा बालगीत `ब्रह्मचारी` का `मैं गाऊं तुम सो जाओ।`

निमरत कौर : `होम अलोन` श्रृंखला का बाल कलाकार मैकाले कलकिन पसंद है। `मासूम` फिल्म का `लकड़ी की काठी` मनपसंद बाल गीत है।

मंदिरा बेदी : मेरे पसंदीदा बाल कलाकार `तारे जमीन पर` के दर्शील सफारी होंगे। मेरा चहेता बाल गीत `लकड़ी की काठी` है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, November 14, 2013, 16:28

comments powered by Disqus