Last Updated: Sunday, December 22, 2013, 18:09
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : एक फिल्म निर्माता को `दबंग` सलमान खान को फर्जी हमले के मामले में फंसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वह ऐसा इसलिए करना चाहता था ताकि वह सलमान को अपनी अगली फिल्म में काम करने को मजबूर कर सके। पुलिस उपायुक्त (मध्य) आलोक कुमार ने कहा कि शहर के व्यापारी और मुंबई में एक फिल्म प्रोडक्शन हाउस के मालिक 47 वर्षीय हरदेव सिंह को उसके सहयोगी और चचेरे भाई देवेंदर (44) के साथ गिरफ्तार किया गया।
गत 16 सितंबर को हरदेव सिंह ने पुलिस को सूचित किया था कि दो बाइक सवार हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसपर उस वक्त गोलियां चलाईं जब वह तड़के अपनी दुकान जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि गोली उन्हें नहीं लगी थी और उनकी कार की पिछली खिड़की से होते हुए दीवार में जा लगी। वहीं, हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए। सिंह ने उसके बाद पुलिस से कहा कि उन्हें हमले में सलमान खान और उनके व्यापार प्रबंधक रेशमा शेट्टी का हाथ होने का संदेह है। कुमार ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान इस बात का खुलासा हुआ कि सिंह जसमीत सेठी का पति है जिसने कुछ समय पहले सलमान के मुंबई में आवास के बाहर हंगामा खड़ा किया था। यह घटना उस वक्त हुई थी जब वे अपनी एक फिल्म में एक गाना में काम करने के लिए सलमान से संपर्क कर रहे थे। सिंह की पत्नी और बेटी ने खान की प्रबंधक रेशमा से अभिनेता को अपनी फिल्म में लेने के लिए संपर्क किया था लेकिन उन्होंने इसके लिए बड़ी राशि की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने अभिनेता से सीधा संपर्क करने का प्रयास किया था जिससे विवाद पैदा हुआ था। पुलिस को संदेह हुआ कि शिकायतकर्ता सिंह ने अभिनेता को फंसाने के लिए अपराध की साजिश रची होगी। कॉल रिकॉर्ड के विश्लेषण के दौरान पुलिस ने देवेंदर को पकड़ा और उससे विस्तार से पूछताछ की।
First Published: Sunday, December 22, 2013, 18:07