Last Updated: Friday, November 22, 2013, 17:27
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : पुनीत मल्होत्रा की फिल्म ‘गोरी तेरे प्यार में’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में अवतरित हुई। फिल्म के पहले हाफ को देखने से लगता है कि पुनीत ‘आई हेट लव स्टोरी’ के प्रभाव से मुक्त नहीं हो पाए हैं।
फिल्म में आपको ‘आई हेट लव स्टोरी’ के तरह संवाद और हंसाने-गुदगुदाने वाले शब्द सुनने को मिलेंगे। फिल्म की कहानी कुछ इस तरह है। श्रीराम (इमरान खान) का परिवार बेंगलुरु में रहता है। श्रीराम के पिता शहर के नामी बिल्डर हैं। पापा चाहते हैं कि श्रीराम भी अपने बड़े भाई की तरह कारोबार संभाले। जबकि श्रीराम अपने भाई के उलटा है। उसे पार्टियों में जाने और गर्लफ्रेंड के साथ मौजमस्ती करने का शौक है।
पिता की दौलत पर ऐश करने का वह आदी बन चुका है। दीया (करीना कपूर) दिल्ली में अपनी फैमिली से अलग बेंगलुरु में एक एनजीओ से जुड़ी है। अचानक एक दिन श्रीराम और दीया एक दूसरे से मिलते हैं। इन दोनों के विचार अलग-अलग हैं। कुछ मुलाकातों के बाद दोनों एक-दूसरे को जब समझने लगते हैं और श्रीराम दिल्ली में दीया की फैमिली से अपनी शादी की बात करने आता है। तभी ऐसा कुछ होता है कि इन दोनों के रास्ते अलग-अलग हो जाते हैं।
श्रीराम और दीया की इस लव स्टोरी के साथ साथ फिल्म में वसुधा (श्रद्धा कपूर) और श्रीराम की शादी के प्लॉट को भी कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। फैमिली के फैसले के आगे सर झुकाने वाली वसुधा को एक सिख युवक कमल से प्यार है, लेकिन फैमिली के सामने अपने प्यार का इजहार करने की हिम्मत नहीं है। कमल, वसुधा और श्रीराम फिल्म के तीन अहम किरदार हैं।
अभिनय की अगर बात करें तो दीया का किरदार करीना के लिए ही शायद लिखा गया। दीया से मिलता-जुलता किरदार करीना प्रकाश झा की सत्याग्रह में भी कर चुकी हैं। वसुधा के किरदार में श्रद्धा कपूर ने कुछ वैसा ही किया जो इससे पहले आशिकी में कर चुकी है। इमरान खान एक बार फिर उसी अंदाज में नजर आए जो इससे पहले भी अपनी कई फिल्मों में कर चुके है।
फिल्म के डायरेक्टर पुनीत पूरी तरह से कहानी के साथ चले हैं। यही वजह है कि इंटरवल से पहले और बाद में कहानी की रफ्तार थमी-थमी सी लगती है। करीना और इमरान की जोड़ी यंगस्टर्स की कसौटी पर खरा उतर पाएगी, इसमें संदेह है। हां, पुनीत कहानी के साथ दर्शकों को बांधने में काफी हद तक कामयाब रहे हैं।
विशाल-शेखर का संगीत कहानी और माहौल पर फिट है। ‘गोरी तेरे प्यार में’ और ‘इन दिनों’ सुनने में कर्णप्रिय है। फिल्म की कहानी लव स्टोरी पर आधारित है जो दर्शकों को बांधे रखने में सफल होती है। कुल मिलाकर फिल्म मनोरंजन के लिए एक बार देखी जा सकती है।
First Published: Friday, November 22, 2013, 15:57