Last Updated: Wednesday, May 28, 2014, 22:54
लंदन : एमएफ हुसैन के अंतिम दिनों में बनायी हुई उनकी आठ पेंटिंग को पहली बार ‘विक्टोरिया एण्ड एल्बर्ट’ संग्रहालय में सार्वजनिक रूप से आज प्रदर्शित किया गया। इन आठ पेंटिंग को ‘भारतीय सभ्यता सीरिज’ या ‘मोहनजोदड़ो से महात्मा गांधी तक भारत की दृष्टि’ के नाम से जाना जाता है जिसे अग्रणी उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल की पत्नी उषा मित्तल ने 2008 में भारतीय इतिहास की समृद्धि को दर्शाने के लिये शुरू किया था।
जून 2011 में लंदन के अस्पताल में हुसैन के निधन से पहले उनकी बनायी गयी अंतिम पेंटिग में यह आठ भी शामिल हैं। उनका निधन 95 वर्ष की उम्र में हुआ।
उषा मित्तल का कहना है, पौराणिक गाथाओं, वास्तुशास्त्र और लोकप्रिय संस्कृति आदि विषयों पर बनी ‘भारतीय सभ्यता सीरिज’ एम एफ हुसैन की अंतिम उपलब्धि है। हुसैन एक ऐसे कलाकार थे जिनका काम हमेशा भारतीय परंपराओं से प्रभावित हुआ है। हुसैन ने अपने जीवन के अंतिम कुछ वर्ष लंदन में गुजारे और इन पेंटिंग को भी यहीं बनाया। ‘विक्टोरिया एण्ड एल्बर्ट’ संग्रहालय में आज से शुरू हुई यह प्रदर्शनी 27 जुलाई तक चलेगी।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, May 28, 2014, 22:54