Last Updated: Saturday, December 7, 2013, 15:28
ज़ी मीडिया ब्यूरोपुणे: मुंबई 1993 सीरियल बम विस्फोट से जुड़े आर्म्स एक्ट मामले में सजा काट रहे अभिनेता संजय दत्त के खिलाफ यरवदा जेल के बाहर प्रदर्शन हुआ। यह प्रदर्शन संजय दत्त की पैरोल पर रिहाई के खिलाफ है। संजय दत्त पैरोल पर आज 30 दिन के लिए जेल से बाहर आ रहे हैं। संजय दत्त को पैरोल पत्नी मान्यता के स्वास्थय के खराब होने के चलते मिली। जबकि मान्यता इसी गुरुवार को एक पार्टी में देखी गई। पार्टी में मान्यता की तस्वीरें कैमरे में कैद हो गई। अब उनके पैरोल पर सवाल उठाए जा रहे हैं। संजय दत्त की पत्नी बीमार नहीं है तो उनपर मेहरबानी क्यों दिखाई जा रही है?
गौरतलब है कि संजय दत्त ने एक प्रार्थना पत्र में कहा था कि उनकी पत्नी मान्यता का स्वास्थ्य पिछले 15 दिनों ठीक नहीं है। उन्होंने मंडलायुकत प्रभाकर देशमुख को दो दिन पूर्व अपना प्रार्थना पत्र सौंपा था। इस पर देशमुख ने संजय दत्त की पैरोल पर रिहाई की मंजूरी दे दी है। संजय दत्त इससे पहले 30 अक्टूबर को जेल गए थे। उन्होंने अपने पेट दर्द की शिकायत की चलते 2 सप्ताह की पैरोल मांगी थी लेकिन बाद में 2 सप्ताह के लिए फिर से अर्जी लगा दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने 53 वर्षीय संजय दत्त को वर्ष 1993 में मुंबई में हुए सीरियल बम ब्लास्ट मामले में निचली कोर्ट द्वारा दोषी ठहराए जाने की सजा को बरकरार रखा था। सजा सुनाई जाने के बाद 10 मई को जेल गए थे।
First Published: Saturday, December 7, 2013, 12:22