Last Updated: Friday, October 25, 2013, 14:18
ज़ी मीडिया ब्यूरो मुंबई : हिंदी फिल्मों के बादशाह खान ने एक बार फिर दबंग खान यानी सलमान खान को पटकनी दी है। बीते दिनों शाहरूख ने चेन्नई एक्सप्रेस की कमाई के मामले में नया रिकार्ड कायम किया। जानकार बताते हैं कि इस फिल्म ने कमाई के मामले में सलमान को भी पीछे छोड़ दिया। अब शाहरूख ने सर्वाधिक आकर्षक शख्सियत का तमगा हथियाकर एक बार फिर सलमान को पटखनी दी है।
अभिनेता शाहरूख खान ने सलमान खान और महानायक अमिताभ बच्चन जैसे सितारों को पीछे छोड़ते हुए सबसे आकर्षक हस्तियों की सूची में अव्वल जगह पाई है। ट्रस्ट रिसर्च एडवाइजरी (टीआरए) की ओर से 16 शहरों में कराए गए सर्वेक्षण के अनुसार शाहरूख खान ‘भारत की सबसे आकर्षक शख्सियत’ हैं।
खुद को ब्रांड इंटेलीजेंस कंपनी बताने वाली टीआरए की इस सूची में शाहरूख के बाद अमिताभ बच्चन और क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी हैं। आमिर खान को भारत के ‘चौथे सबसे आकर्षक शख्स’ के तौर पर पसंद किया गया है, जिसके बाद मिथुन चक्रवर्ती, कैटरीना कैफ, सलमान खान, सचिन तेंदुलकर और अन्य हैं।
सूची में सिनेमा, खेल, सामाजिक-आध्यात्मिक, कारोबार और संगीत के क्षेत्र की 25 हस्तियों को शामिल किया गया है।
First Published: Friday, October 25, 2013, 10:14