Last Updated: Wednesday, January 22, 2014, 18:10

हैदराबाद : तेलुगु फिल्म उद्योग को 50 से 70 के दशक में प्रतिद्वन्द्वी एन टी रामाराव के दौर में उंचाई तक पहुंचाने वाले प्रख्यात अभिनेता एक्कीनेनी नागेश्वर राव का आज निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थे। अपने प्रशंसकों के बीच एएनआर के नाम से लोकप्रिय 91 वर्षीय नागेश्वर राव ने तरह तरह की यादगार भूमिकाएं निभा कर दर्शकों की पीढ़ियों को अभिभूत कर दिया था। ‘‘बातासारी’’, ‘‘देवदास’’, ‘‘तेनाली रामकृष्ण’’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शक आज भी याद करते हैं। हाल ही में उन्होंने ‘‘मानम’’ फिल्म में काम किया था। यह फिल्म अभी रिलीज नहीं हुई है। फिल्म में उनके परिवार की तीन पीढ़ियों उन्होंने, उनके छोटे पुत्र नागार्जुन ने और पोते नाग चैतन्य ने काम किया। उनके पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि इस फिल्म की डबिंग के लिए पूरी व्यवस्था नागेश्वर राव के घर पर ही की गई थी क्योंकि वह यह खुद करना चाहते थे।
फिल्म जगत के सर्वोच्च सम्मान दादा साहेब फाल्के अवार्ड सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित नागेश्वर राव ने अपने सात दशक से अधिक के करियर में करीब 250 फिल्मों में काम किया। इनमें तमिल और हिन्दी फिल्में भी शामिल हैं। उनकी पत्नी का निधन वर्ष 2011 में हुआ था और उनके नाम पर नागेश्वर राव ने अन्नपूर्णा स्टूडियोज की स्थापना की। नागेश्वर राव के पुत्र नागाजरुन स्वयं भी लोकप्रिय अभिनेता हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात उनके पिता ने परिवार के सदस्यों से अच्छी तरह बात की। नींद में ही उन्होंने आखिरी सांस ली। परिवार के लोग उन्हें तड़के बंजारा हिल्स स्थित उच्च स्तरीय सुविधाओं वाले केयर अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी आंत में कैंसर था और हाल ही में उनका ऑपरेशन भी हुआ था। उनके परिवार में तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं।
लंबे समय से दिल की बीमारी से पीड़ित नागेश्वर राव अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के लिए जाने जाते थे। पिछले साल पता चला था कि उन्हें कैंसर था। तब उन्होंने संवाददाता सम्मेलन बुला कर बताया था कि उन्हें कैंसर है। उन्होंने तब अपने प्रशंसकों से अपील भी की थी कि वह इसे सामान्य तरीके से लें। उनका पार्थिव शरीर अन्नपूर्णा स्टूडियोज में रखा गया है ताकि लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें। तेलुगु फिल्म उद्योग को हैदराबाद लाने में अहम भूमिका निभाने वाले नागेश्वर राव का कद एन टी रामाराव के समकक्ष माना जाता था और उनके निधन से तेलुगु सिनेमा में एक युग का अंत हो गया। नागेश्वर राव श्वेत श्याम फिल्मों के दौर के शुरूआती सितारों में से थे।
तटीय आंध्रप्रदेश के कृष्णा जिले में वर्ष 1924 में एक किसान परिवार में जन्मे नागेश्वर राव ने बहुत कम उम्र में ही रंगमंच में काम शुरू कर दिया था। फिल्मी दुनिया में उन्होंने 1940 के दशक के शुरू में कदम रखा और उनकी पहली फिल्म ‘‘धर्मपत्नी’’ थी। इस फिल्म में उन्होंने एक महिला का किरदार निभाया था। उन दिनों महिलाओं को अभिनय करने की अनुमति नहीं थी। इसलिए पुरूष कलाकार ही महिलाओं की भी भूमिका निभाते थे। नागेश्वर राव ने भी ऐसा ही किया। वास्तविक जीवन में अनुशासन को गहरा महत्व देने वाले नागेश्वर राव ने ‘‘देवदास’’, ‘‘प्रेम नगर’’ और ‘‘प्रेमाभिषेकम’’ फिल्मों में शराब में डूबे असफल प्रेमी की भूमिका निभा कर खासी सराहना बटोरी थी।
जाने माने बांग्ला लेखक शरत चंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास पर आधारित तेलुगु फिल्म में ‘‘देवदास’’ की भूमिका को तो जैसे नागेश्वर राव ने अमर कर दिया। बिमल राय ने जब इसका हिन्दी रीमेक बनाया तो देवदास की भूमिका निभाने वाले अभिनेता दिलीप कुमार ने कहा कि देवदास तो केवल एक ही है और वह हैं नागेश्वर राव । फिल्म ‘‘भूकैलाश’’ में नारद, ‘‘माया बाजार’’ में अभिमन्यु, ‘‘चेन्चुलक्ष्मी’’ में विष्णु और ‘‘कृष्ण अजरुन युद्धम’’ में अजरुन की उनकी भूमिका लोग आज भी याद करते हैं।
फिल्म ‘‘विप्रनारायण’’, ‘‘भक्त तुकाराम’’, ‘‘भक्त जयदेव’’ और ‘‘महाकवि कालिदास’’ में एक श्रद्धालु और धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति की भूमिका में लोगों ने नागेश्वर राव को पसंद किया। ‘‘इलारिकम’’, ‘‘प्रेमिन्ची छूडू’’, ‘‘मिस्सम्मा’’, ‘‘गुंडम्मा कथा’’ और ‘‘चक्रपाणि’’ फिल्मों में वह हास्य भूमिकाओं में नजर आए।
नागेश्वर राव ने खुद ‘‘सुदीगुंदालु’’ फिल्म बनाई जिसमें उन्होंने युवाओं को आत्महत्या के खिलाफ संदेश दिया। आलोचकों ने इस फिल्म की बहुत तारीफ की और फिल्म को कई अवार्ड मिले। जीवन के प्रति उत्साह और सकारात्मक सोच रखने वाले नागेश्वर राव ने कई बार कहा कि जब तक उनकी सेहत साथ देगी, तब तक वह फिल्मों में काम करते रहेंगे। यह प्रतिबद्धता उन्होंने आखिरी तक निभाई।
70 साल की उम्र में उन्हें ‘‘कॉलेज बुल्लोडु’’ जैसी फिल्मों में युवाओं के गीतों पर थिरकते देखा गया। वर्ष 2011 के आखिर में ‘‘श्रीराम राज्यम’’ फिल्म में वह महर्षि वाल्मीकि बने। आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन किरण कुमार रेड्डी, विपक्ष के नेता एन चंद्रबाबू नायडू, वाइएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष वाई एस जगनमोहन रेड्डी और कई अन्य नेताओं तथा फिल्मी हस्तियों ने नागेश्वर राव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, January 22, 2014, 18:07