Last Updated: Sunday, December 29, 2013, 10:08
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली: बॉलीवुड के जाने माने अभिनेता फारूख शेख का दुबई में निधन हो गया। सूत्रों ने बताया कि फारूख शेख का दिल का दौरा पड़ने से निधन हुआ। वे 65 साल के थे। वे अपनी बीवी और दो बेटियों के साथ छुट्टियां मनाने वह दुबई गए हुए थे। वहीं उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा जिससे उनकी जान चली गई।
यह जानकारी उनकी मित्र और कई फिल्मों में उनकी सह अभिनेत्री रहीं दीप्ति नवल ने दी। नवल ने बताया, मुझे अभी पूरी जानकारी नहीं है, और मैं अभी उनके परिवार के सदस्य से बात करने की स्थिति में नहीं हूं, लेकिन एक मित्र ने इसकी पुष्टि की है। मैंने शबाना आजमी से भी बात की है, जिन्हें इस अविश्वसनीय, दुखद और हैरानी भरी खबर की जानकारी थी। शेख 'चश्मेबद्दूर' और 'साथ साथ' सहित कई अन्य फिल्मों में अपने किरदार के लिए जाने जाते हैं।
नवल ने कहा, यह अविश्वसनीय है। मैं हैरान हूं। वह फिल्म उद्योग के एक बेहतरीन अभिनेता थे। वह एक ऐसी शख्सियत थे जिन्होंने मुझे काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, मुझे शबाना का फोन आया। उन्होंने बताया कि शेख को दुबई में दिल का दौरा पड़ा। वे उनका शव भारत लाएंगे। मैं अभी हिमाचल प्रदेश में हूं। मैं मुंबई वापस आ रही हूं। उन्होंने बताया कि दुबई में जरूरी औपचारिकता पूरी करने के बाद उनका शव अंतिम संस्कार के लिए मुंबई लाया जाएगा।
शेख (65) की तबीयत इससे पहले अच्छी थी और उन्होंने दो महीने पहले शारजाह पुस्तक मेले में नवल से बातचीत की थी। नवल ने उस वादे को याद किया जो उन्होंने और शेख ने किए थे। उन्होंने कहा, हमारी आखिरी फिल्म 'लिशन अमाया' के बाद उन्होंने और मैंने एक दूसरे से वादा किया था कि हम दोबारा साथ काम करेंगे और कई फिल्में कतार में थीं। हमने काम के संदर्भ में संपर्क में बने रहने का फैसला किया था।
फारूख शेख छोटे पर्दे और बड़े पर्दे दोनों के फेमस कलाकार रहे हैं। उन्होंने बॉलीवुड में कई एक से एक बेहतरीन फिल्मों में काम किया है जो हिट रहीं हैं। उन्होंने गर्म हवा, शतरंज के खिलाड़ी, उमराव जान, चश्मे-बद्दूर, लोरी, बाजार, अब इंसाफ होगा उनकी अहम फिल्में हैं। इस साल उन्होंने ये जवानी है दीवानी और क्लब 60 फिल्मों में काम किया।
उन्होंने कई सीरियल और टेलिवजन शो में भी काम किया। उन्होंने टीवी शो तुम्हारी अम्रिता (1992) में काम किया। वे ज़ी टीवी के फेमस शो 'जीना इसी का नाम है' के एंकर थे। उन्हें 2010 में बेस्ट सपोटिंग अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया।
फारूक शेख का जन्म 25 मार्च 1948 में मंबई के एक वकील मुस्तफ़ा शेख और फ़रिदा शेख के घर गुजरात के अमरोली में हुआ था। वे अभिनेता ही नहीं समाज सेवी और टेलीवजन एंकर भी रहे हैं। शेख ने 1973 में फिल्म 'गर्म हवा' से करियर की शुरुआत की थी और उसके बाद कला और मुख्यधारा की फिल्म में अपनी पहचान बनाई थी। वे 70 और 80 के दशक में फिल्लों में फेमस रहे हैं। वो सत्यजित राय और ऋषिकेश मुखर्जी की तरह निदेशन का कार्य भी कर चुके हैं। उनके परिवार वाले जमीनदार थे और उनका पालन पालन शानदार परिवेश में हुआ। वो अपने पांच भाई बहनों में सबसे बड़े थे। उनकी स्कूली शिक्षा सेंट मैरी स्कूल मुंबई में और बाद में सेंट जेवियर्स कॉलेज में हुई। उन्होंने कनून की पढ़ाई सिद्धार्थ कॉलेज ऑफ लॉ में पूर्ण की।
First Published: Saturday, December 28, 2013, 08:15