राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़े 30 कार्यों की जांच कर रहा CVC

राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़े 30 कार्यों की जांच कर रहा CVC

नई दिल्ली : केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) वर्ष 2010 में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों के सिलसिले में विभिन्न एजेंसियों द्वारा 3,500 करोड़ रूपये से अधिक की लागत से किए गए करीब 30 कार्यों की कथित भ्रष्टाचार के लिए जांच कर रहा है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह 30 कार्य केंद्रीय और दिल्ली सरकार की एजेंसियों ने किए जिनमें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), नई दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी), केंद्रीय लोक निर्माण विभाग :सीपीडब्ल्यूडी: और राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति शामिल हैं। जांच का कार्य अलग अलग चरणों में है।

राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़ी और सार्वजनिक धन की सहायता से तैयार 9,000 परियोजनाओं में कम से कम 37 सरकारी विभागों ने 13,000 करोड़ रूपये से अधिक राशि खर्च की थी। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय सतर्कता आयोग वर्ष 2010 से राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़े, भ्रष्टाचार के 70 से अधिक मामलों की जांच कर रहा है और करीब 20 शिकायतों में वह अपनी जांच बंद कर चुका है। कथित भ्रष्टाचार के कुछ मामलों को आगे की जांच के लिए आयोग सीबीआई के पास भेज चुका है।

एक सूत्र ने बताया, मामलों की जांच अलग अलग चरणों में है। सीवीसी ने विभिन्न विभागों को भ्रष्टाचार के आरोपों पर अपनी टिप्पणियां देने को कहा है। ज्यादातर मामलों में संबद्ध विभागों ने प्रतिक्रिया देर से दी। आयोग इन विभागों के साथ मामले उठा रहा है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 9, 2014, 12:41

comments powered by Disqus