Last Updated: Saturday, March 1, 2014, 18:33
नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने शनिवार को 20 लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की। इसमें दिवंगत हास्य कलाकार जसपाल भट्टी की पत्नी सविता भट्टी को चंडीगढ़ तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्राध्यापक आनंद कुमार को दिल्ली से टिकट दिया गया है।
पार्टी ने केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की एकमात्र सीट, दिल्ली एवं केरल से दो-दो, मध्य प्रदेश से सात, ओड़िशा से सात और बिहार से एक सीट पर अपने उम्मीदवार की घोषणा की है। तीसरी सूची में एक चिकित्सक, अभिनेता, अध्यापक, पूर्व राजनयिक, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।
दिल्ली में पार्टी ने आनंद कुमार को उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा सीट से उतारने का फैसला किया है। इस सीट का प्रतिनिधित्व अभी कांग्रेस के पूर्व रिपीट पूर्व प्रदेशाध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल कर रहे हैं। उत्तर पश्चिम दिल्ली से आप ने सामाजिक कार्यकर्ता महेन्द्र सिंह को उतारा है। इस सीट पर वर्तमान सांसद कृष्णा तीरथ है जो केन्द्रीय मंत्री भी है। आप ने अभी तक दक्षिणी दिल्ली एवं नई दिल्ली-दो सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
केरल से पार्टी ने पूर्व आईपीएस अधिकारी अजीत जाय को तिरूवनंतपुरम से उतारा है। इस सीट का मौजूदा प्रतिनिधित्व केन्द्रीय मंत्री शशि थरूर कर रहे हैं। दिलचस्प है कि जाय भी आईपीएस छोड़कर संयुक्त राष्ट्र के मादक पदार्थ एवं अपराध कार्यालय में शामिल हुए थे। बाद में वह संरा छोड़कर आप में शामिल हो गए।
त्रिचूर से आप ने प्रख्यात मलयाली उपन्यासकार साराह जोसेफ को उतारा है। इस सीट को वर्तमान में कांग्रेस नेता पी सी चाको प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आप ने मध्य प्रदेश में भोपाल से सामाजिक कार्यकर्ता रचना ढींगरा तथा इंदौर से पूर्व राजनयिक अनिल त्रिवेदी को लोकसभा टिकट दिया है। वर्तमान लोकसभा में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जिस गुना सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं वहां से आप ने प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता शैलेन्द्र सिंह कुशवाहा को टिकट दिया है। पार्टी ने सागर से अतुल मिश्रा और बेतूल से अध्यापक राजेश सारेराम को उतारा है। सीधी से पंकज सिंह और होशंगाबाद से माया विश्वकर्मा को आप का टिकट मिला है।
बिहार में दरभंगा सीट से आप ने प्रभात रंजन दास को उतारा है। वर्तमान में इस सीट का प्रतिनिधित्व भाजपा सांसद कीर्ति आजाद कर रहे हैं। पार्टी ने ओड़िशा में भुवनेश्वर से सामाजिक कार्यकर्ता विस्मय महापात्र, बरहमपुर से शिक्षाविद डी के मिश्रा, कटक से मानवाधिकार कार्यकर्ता विकास दास, ढेकनाल से शोधार्थी जे पी प्रसाद, बालेश्वर से जनलोकपाल आंदोलन कार्यकर्ता ममता कुंडु, कालाहांडी से आप के संस्थापक सदस्य सत्य महार तथा पुरी से इतिहास के व्याख्याता नीरदवर्ण खुंटिया को टिकट दिया है।
आप अभी तक देश भर की 70 लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, March 1, 2014, 18:33