आप ने 30 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की

आप ने 30 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए 30 उम्मीदवारों की दूसरी सूची आज जारी की जिसमें महात्मा गांधी के पोते राजमोहन गांधी और भाजपा के पूर्व सांसद राजन सुशांत के नाम प्रमुख हैं। सूची में दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर से एक-एक उम्मीदवार का नाम है जबकि राजस्थान से तीन, हरियाणा से पांच, महाराष्ट्र से दस और मध्यप्रदेश से छह उम्मीदवारों के नाम हैं।

मशहूर शिक्षाविद् और देवदास गांधी के पुत्र राजमोहन गांधी पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे जहां से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित कांग्रेस से वर्तमान सांसद हैं। राजमोहन पिछले हफ्ते पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से भाजपा के पूर्व सांसद राजन सुशांत को टिकट दिया है। उन्होंने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और उनके बेटे अनुराग ठाकुर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए इस वर्ष की शुरूआत में पार्टी छोड़ दी थी। सुशांत पिछले हफ्ते पार्टी में शामिल हुए थे।

हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के विरोध में पार्टी ने नवीन जयहिंद को टिकट दिया है जो हरियाणा के वरिष्ठ नेता हैं। जयहिंद के अलावा पार्टी ने पूर्व कार्यकर्ता बलविंदर कौर को कुरूक्षेत्र से टिकट दिया है जहां से वर्तमान में नवीन जिंदल कांग्रेस सांसद हैं। पार्टी ने सिरसा से सामाजिक कार्यकर्ता पूनम चांद रत्ती को टिकट दिया है।

पूर्व आईएएस अधिकारी युद्धबीर सिंह ख्यालिया हिसार से चुनाव लड़ेंगे जहां से पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई सांसद हैं। सामाजिक कार्यकर्ता और वकील जयसिंह ठेकेदार सोनीपत से चुनाव लड़ेंगे। अरविंद केजरीवाल के इस्तीफा देने के दो दिनों बाद 16 फरवरी को पार्टी ने 20 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। (एजेंसी)

First Published: Thursday, February 27, 2014, 23:07

comments powered by Disqus