Last Updated: Saturday, March 15, 2014, 22:02

नई दिल्ली : आदिवासी कार्यकर्ता सोनी सोरी छत्तीसगढ़ में बस्तर से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार होंगी जबकि पार्टी की वरिष्ठ नेता शाजिया इल्मी उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ेंगी। पार्टी ने 55 लोकसभा सीटों के लिए शनिवार को अपने उम्मीदवारों की छठी सूची जारी कर दी।
सूची में 13 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों की सीटें शामिल हैं। पार्टी ने असम, मेघालय, त्रिपुरा और मणिपुर की एक-एक, केरल और गोवा की दो-दो, केंद्र शासित प्रदेश दमन और दीव, दादरा एवं नागर हवेली और अंडमान निकोबार द्वीप समूह की एक-एक, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ की तीन-तीन, उत्तर प्रदेश की 10, ओड़िशा की 10, राजस्थान की पांच, मध्य प्रदेश की सात, महाराष्ट्र की छह सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की।
इस सूची के साथ आप ने अब तक कुल 242 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। सोरी बस्तर से चुनाव मैदान में उतरेंगी। उच्चतम न्यायालय ने पिछले महीने उन्हें जमानत दी थी। उनके खिलाफ माओवादियों की तरफ से एस्सार समूह से धन हासिल करने का आरोप है। 36 वर्षीय सोरी और उनके कार्यकर्ता भतीजे कोडोपी (25) को माओवादियों के वाहक के तौर पर काम करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कथित तौर पर माओवादियों की तरफ से छत्तीसगढ़ में एस्सार समूह से संरक्षण देने के बदले में धन हासिल किया था।
सूत्रों ने बताया कि आप नेता प्रशांत भूषण ने बस्तर क्षेत्र से पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ने के लिए सोरी से संपर्क किया था। वह वहीं की रहने वाली हैं। शाजिया गाजियाबाद से चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, पार्टी शुरुआत में चाहती थी कि वह राय बरेली में सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ें लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इंकार कर दिया। वह कथित तौर पर इस बात से नाखुश थीं कि नई दिल्ली सीट से उनके नाम पर विचार नहीं किया गया। इसके बाद पार्टी ने उन्हें गाजियाबाद से टिकट दिया है।
यद्यपि सीट दिल्ली के अंतर्गत नहीं आती है लेकिन यह एनसीआर में है जहां आप को समर्थन हासिल है। इस सीट का फिलहाल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पूर्व आईपीएस अधिकारी कंचन चौधरी भट्टाचार्य को उत्तराखंड की हरिद्वार सीट से मैदान में उतारा गया है। वह किसी भी राज्य की पहली महिला डीजीपी रही हैं। (एजेंसी)
First Published: Saturday, March 15, 2014, 18:15