Last Updated: Friday, January 10, 2014, 16:45
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : `मैं भी आम आदमी` नाम से आम आदमी पार्टी (आप) ने आज से सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया है। इसके तहत आम आदमी पार्टी देश भर में सदस्य बनाने का कार्यक्रम चलाएगा। पार्टी को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग आप से जुड़ेंगे। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 26 जनवरी तक चलेगा जिसमें पार्टी से एक करोड़ लोगों को जोड़ने का लक्ष्य है।
आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनावों के पहले पार्टी को मजबूत बनाने के लिए 26 जनवरी तक कम से कम एक करोड़
सदस्य बनाने के इरादे के साथ आज एक राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान शुरू किया है। आप नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ‘मैं भी आम आदमी’ अभियान के तहत कोई भी नागरिक बिना शुल्क दिए पार्टी का सदस्य बन सकता है।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘हमारा लक्ष्य 26 जनवरी तक पार्टी के एक करोड़ सदस्य
बनाना है। लेकिन, सदस्यता अभियान इसके बाद भी जारी रहेगा।’ उन्होंने कहा कि पार्टी ने 10 रुपया सदस्यता शुल्क में छूट देने का फैसला किया है क्योंकि ऐसा लगा कि कई लोग यह नहीं दे पाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘सदस्यता शुल्क में छूट का निर्णय पिछले सप्ताह राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हुआ।’ विशेष सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी संभाल रहे पार्टी नेता गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली चुनावों के बाद पार्टी सदस्य के तौर पर 3 लाख से ज्यादा लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। राय ने कहा, ‘भारत के इतिहास में शायद पहली बार पार्टी की सदस्यता लोगों के लिए इस तरह खुली है। लोकसभा चुनावों के पहले लोगों से जुड़ने का यह हमारा सबसे बड़ा देशव्यापी अभियान है।’
उन्होंने कहा, ‘लोकसभा चुनावों के पहले इस अभियान की सफलता हमारी एक प्रमुख रणनीति है।’ राय ने कहा कि समूचे अभियान से लोकसभा चुनावों में पार्टी की संभावनाओं की ‘जमीनी सच्चाई’ का पता चलेगा। उन्होंने कहा, ‘बहुत कुछ इस अभियान पर निर्भर करेगा। हमें पता चलेगा कि किस तरह की और किन क्षेत्रों से प्रतिक्रिया मिल रही है।’
केजरीवाल ने कहा कि कोई भी नागरिक पार्टी सदस्य के तौर पर नामांकन के लिए मोबाइल नंबर 07798220033 पर एक मिस्ड कॉल दे सकता है। इसके अलावा वे एसएमएस के जरिए भी अपना सदस्यता नंबर ले सकते हैं। सदस्य बनने के लिए नागरिकों के पास आम आदमी पार्टी की बेबसाइट ‘आमआदमीपार्टी डॉट ओआरजी पर ऑनलाइन फार्म भरने का भी एक विकल्प है। केजरीवाल ने कहा कि आप स्वयंसेवक ‘मैं भी आम आदमी’ अभियान के लिए ‘डोर टू डोर’ दौरा करेंगे।
First Published: Friday, January 10, 2014, 11:58