Last Updated: Thursday, December 26, 2013, 23:16
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : कांग्रेस की छात्र शाखा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने गुरुवार को पार्टी को अलविदा कहते हुए 20 वर्षों के जुड़ाव का अंत कर दिया। अलका लांबा ने आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होने की अनुमति मांगी है। अलका ने ट्वीट किया है, `20 वर्ष बिताने के बाद कांग्रेस और उसके नेतृत्व को अलविदा कहने का समय आ गया है। अंत में मैं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को धन्यवाद कहना चाहूंगी।`
अलका (38) आप के कार्यालय में पहुंचीं। आप शनिवार को दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है। आप के नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि अलका को सदस्यता का आवेदन पत्र भरना होगा और चार माह तक `सक्रिय वोलंटियर` के रूप में काम करना होगा। इसके बाद ही पार्टी में लेने या नहीं लेने के बारे में फैसला लिया जाएगा।
अलका दिल्ली विश्वविद्यालय में 1995 में छात्र संघ का अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं और इसके दो वर्ष बाद भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनी गईं। वर्ष 2003 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में अलका ने भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता मदनलाल खुराना को चुनौती दी थी, लेकिन पराजित रहीं।
First Published: Thursday, December 26, 2013, 23:16