बीजेपी और सपा के बीच होगा गठबंधन : बेनी

बीजेपी और सपा के बीच होगा गठबंधन : बेनी

लखनऊ : केन्द्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के कदम धीरे-धीरे भारतीय जनता पार्टी की ओर बढ़ रहे हैं और आगामी लोकसभा चुनाव के लिये दोनों दलों के बीच रणनीतिक या खुला गठबंधन होगा।

वर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा ‘सपा प्रमुख अपने कार्यकर्ताओं को भाजपा कारकुनों की तरह अनुशासन में रहने की सीख दे रहे हैं। हमें लगता है कि उनके कदम धीरे-धीरे भाजपा की ओर बढ़ रहे हैं। अगले चुनाव में दोनों के बीच टैक्टिकल या ओपन गठबंधन होगा।’

उन्होंने दावा किया कि मुजफ्फरनगर में दंगे सपा और भाजपा की आपसी सहमति के आधार पर हुए थे। मुजफ्फरनगर के लोगों ने फसाद नहीं किया, बल्कि इसके लिये गुजरात से लोग आये थे, जिन्होंने कत्लेआम किया। मुजफ्फरनगर दंगे मुसलमान वोट सपा के पक्ष में लाने और हिन्दू मत भाजपा के पास ले जाने की साजिश का नतीजा थे। वर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सपा सरकार ने भाजपा को मजबूत करने के लिये अपने अब तक के कार्यकाल में 100 से ज्यादा दंगे करवाये।

उन्होंने कहा कि यादव कह रहे हैं कि मुजफ्फरनगर दंगा राहत शिविरों में षड्यंत्रकारी रह रहे हैं। उन शिविरों में बच्चे ठंड से मर रहे हैं और सरकार सैफई महोत्सव में मस्त है। वहां विदेशी लड़कियों का नृत्य चल रहा है।

केन्द्रीय मंत्री ने उम्मीद जतायी कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी उन्हें लखनउ में रैली करने के लिये जल्द समय देंगे और वह रैली अभूतपूर्व होगी। उन्होंने एक सवाल पर कहा कि वह दिल्ली में आम आदमी पार्टी को समर्थन देने के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नाराजगी का समर्थन करते हैं। हालांकि पार्टी आलाकमान के निर्णय पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहेंगे। वर्मा ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही आम आदमी पार्टी का भंडाफोड़ करेगी। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 25, 2013, 15:38

comments powered by Disqus