राहुल गांधी पर अरुण जेटली का चुनावी वार

राहुल गांधी पर अरुण जेटली का चुनावी वार

नई दिल्ली : आगामी लोकसभा चुनाव के बाद संप्रग-3 सरकार बनने और कांग्रेस के पहले से अच्छा प्रदर्शन करने के राहुल गांधी के दावे पर कटाक्ष करते हुए भाजपा ने आज कहा कि या तो यह नेता अपनी पार्टी के लोगों कि गिरते मनोबल को संभालने का प्रयास कर रहे हैं या फिर वह हकीकत से कटे हुए हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता अरूण जेटली ने कहा, ‘मुश्किलों से घिरे, राहुल गांधी ने ने अपनी पार्टी के गिरते मनोबल को उठाने का निर्णय किया है। उन्होंने दावा किया है कि जनमत संग्रह मजाक हैं और कांग्रेस 2009 से भी अच्छा प्रदार्शन करेगी। अगर यह कांग्रेसजनों के गिरते मनोबल को उठाने का प्रयास है तो समझ में आने वाली बात है। हालांकि, अगर वह सचमुच यह विश्वास करते हैं कि यह सच है तो साफ है कि वह पूरी तरह वास्तविकता से कटे हुए हैं।’ राहुल ने कल इंटरव्यू में कांग्रेस को कमतर आंकने वाले जनमत संग्रहों को ‘मजाक’ बताते हुए खारिज करके कहा था कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद देश में कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग-3 की सरकार बनेगी।

जेटली ने कहा कि आने वाले चुनावों का एजेंडा राहुल की पार्टी के खिलाफ है। लेकिन वह सशक्तिकरण और व्यवस्था को चुस्त दुरस्त करने जैसे एजेंडे को बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं जो कारगर नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिना अथरें वाले नारे लिखे होर्डिंग देश भर में लगा देने से काम नहीं चलने वाला है। इनके संदेश अस्पष्ट हैं।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि महंगाई, गिरती अर्थव्यवस्था और भ्रष्टाचार से त्रस्त मतदाता ऐसा नेतृत्व चाहता है जो निर्णायक और प्रेरणादायक हो। कांग्रेस और उसका नेतृत्व इस एजेंडे में फिट नहीं बैठ रहा है।

(एजेंसी)

First Published: Monday, March 17, 2014, 15:54

comments powered by Disqus