गैस कीमतों को लेकर भाजपा, कांग्रेस पर केजरीवाल का हमला

गैस कीमतों को लेकर भाजपा, कांग्रेस पर केजरीवाल का हमला

गैस कीमतों को लेकर भाजपा, कांग्रेस पर केजरीवाल का हमलानई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने आज भाजपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए गैस की कीमतों और उद्योगपति मुकेश अंबानी और अडाणी के साथ रिश्तों के मुद्दे पर उनके रूख पर सवाल उठाया। माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ट्विटर पर केजरीवाल ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा।

एक ट्विट में उन्होंने पूछा, ‘‘मोदी को गैस की कीमतों के मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए। यह भी, कि उनका और उनकी पार्टी का मुकेश अंबानी और अडाणी से क्या संबंध है ? ’’ केजरीवाल ने कहा कि मोदी को आज अपनी रैली में इसके बारे में बताना चाहिए। ‘‘ मोदीजी को मुकेश अंबानी और गैस की कीमतों के बारे में आज अपनी रैली में बोलना चाहिए।’’

आम आदमी पार्टी के नेता ने गैस की अधिक कीमत का समर्थन करने के लिए राहुल गांधी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘‘ राहुल गांधी क्यों मुकेश अंबानी के लिए गैस की अधिक कीमत का समर्थन कर रहे हैं ? क्या कांग्रेस अंबानियों की ‘दुकान’ है, जैसा की वे दावा करते हैं ? राहुल गांधी को आज रैली में इसके बारे में बताना चाहिए।’’ पार्टी मुकेश अंबानी और पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली के खिलाफ एफआईआर दर्ज किये जाने के बाद से ही इन दोनों नेताओं पर निशाना साध रही है।

केजरीवाल ने ट्विट किया, ‘‘ क्या 2014 का चुनाव आप और मुकेश अंबानी के बीच लड़ी जायेगी और राहुल एवं मोदी मुकेश अंबानी के एजेंट होंगे ? ’’ (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 16, 2014, 14:26

comments powered by Disqus