उत्तर भारत में पारा रिकॉर्ड स्तर पर, बिजली कटौती से दिल्ली बेहाल

उत्तर भारत में पारा रिकॉर्ड स्तर पर, बिजली कटौती से दिल्ली बेहाल

उत्तर भारत में पारा रिकॉर्ड स्तर पर, बिजली कटौती से दिल्ली बेहालनई दिल्ली : पूरे भारत में गर्मी ने हाहाकार मचा रखा है। उत्तर भारत में तपती गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही और कई स्थानों पर पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। राजस्थान के चुरू में अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी तरफ सोमवार को भी दिल्ली के स्थानों में चार से सात घंटे तक बिजली की कटौती हुई।

पूरा भारत गर्मी और लू के थपेड़ों से जूझ रहा है। दिल्ली वालों को अगले दो-तीन दिनों तक इस चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत मिलने की भी कोई संभावना नहीं है, क्योंकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 जून तक शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।

राष्ट्रीय दिल्ली में तापमान सामान्य से छह स्तर अधिक 45.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो पिछले दस साल में जून के महीने का सर्वाधिक तापमान है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के पालम में दिन का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल यह 47.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया था जो पिछले 62 साल का सबसे गर्म दिन था।

राजस्थान के चुरू में पारे का स्तर रिकॉर्ड 48.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया वहीं श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बीकानेर, कोटा, जयपुर, पिलानी, बाड़मेर और जैसलमेर में भी पारे का स्तर 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक ही रहा।

हरियाणा के हिसार में पिछले एक दशक में जून के महीने का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा और पारा 47.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। पंजाब और हरियाणा में गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। पंजाब में अमृतसर का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी जम्मू में भी सीजन का सबसे गर्म दिन रहा जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर तो न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर रहा।

उत्तर प्रदेश में बांदा जिले का तापमान सबसे ज्यादा रहा जो 47.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद क्रमश: झांसी, आगरा और अलीगढ़ में पारे का स्तर अत्यधिक रहा। प्रदेश के पूर्वी जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने और कुछ स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली।

छत्तीसगढ़ के रायपुर में अगल अलग स्थानों पर चार लोग मृत मिले और उनके लू लगने से मारे जाने का संदेह है। इनमें एक महिला भी है। रायपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के आर सोनवानी के मुताबिक मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है लेकिन प्रथम दृष्टया लू से उनके मारे जाने का संदेह है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस रहा। (एजेंसी )

First Published: Tuesday, June 10, 2014, 00:20

comments powered by Disqus