Last Updated: Saturday, May 31, 2014, 14:47
ज़ी मीडिया ब्यूरो/रामानुज सिंहबदायूं : उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के उसहैत क्षेत्र में बुधवार को दो दलित किशोरियों के साथ गैंगेरप के बाद उनकी हत्या किए जाने के मामले में यूपी पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में आरोपी दो सिपाहियों को शुक्रवार को बर्खास्त कर दिया गया। इस मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़ित परिवार की मांग पर अखिलेश यादव मामले की जांच सीबीआई से कराने को तैयार हो गए हैं।
मृतक किशोरियों के माता-पिता ने ज़ी मीडिया से कहा, दोषियों को फांसी की सजा होनी चाहिए, पुलिस वालों ने मेरी एक नहीं सुनी और आरोपियों की मदद की, सही वक्त पर मदद मिलती तो ऐसा नहीं होता। साथ उन्होंने कहा, यहां दबंग शराब पीकर लड़कियों को छेड़ते हैं। यूपी सरकार पर हमें भरोसा नहीं है, अखिलेश सरकार को हटाया जाए और मामले की सीबीआई जांच हो। स्थानीय सांसद के मौके पर नहीं पहुंचने पर मृतक के परिवार ने नाराजगी जताई। बदायूं के सांसद मुलायम सिंह के भतीजे धर्मेंद्र यादव हैं।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने का वादा करते हुए पीड़ित परिजन को 5-5 लाख रुपए मुआवजा दिया। लेकिन पीड़ित परिवार ने मुआवजा लेने से इनकार कर दिया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज बदायूं जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मामले की सीबीआई जांच की मांग की। साथ ही राहुल ने कहा, मुआवजे से इज्जत वापस नहीं आएगी।
बसपा प्रमुख मायावती ने भी पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की थी। मेनका गांधी ने कहा, रेप पीड़ितों को हर तरह की सहायता मिलेगी। हेमा मालिनी ने इस घटना पर दुख जताया। संयुक्त राष्ट्र ने भी इसे भयानक अपराध करार दिया है और जोर देकर कहा है कि कानून के तहत सभी नागरिकों की रक्षा होनी चाहिए।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि वारदात के आरोपी हेड कांस्टेबल छत्रपाल यादव को कल देर रात गिरफ्तार किया गया जबकि पांचवे आरोपी सर्वेश यादव को आज तड़के पकड़ा गया। इस तरह अब तक मामले के पांचों प्रमुख अभियुक्तों हेड कांस्टेबल छत्रपाल, कांस्टेबल सर्वेश यादव तथा गांव के दबंगो पप्पू यादव, अवधेश यादव और सर्वेश यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रकरण में कुल सात अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उनमें से दो अज्ञात है।
इस मामले में कटरा सादतगंज चौकी में तैनात दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ साजिश के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इन दोनों को बर्खास्त किया जा चुका है। बाकी आरोपियों के विरुद्ध बलात्कार और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में चौकी प्रभारी राम विलास यादव को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है।
गौरतलब है कि उसहैत थाना क्षेत्र के कटरा सादतगंज गांव में दलित जाति की 14 तथा 15 साल की लड़कियां गत मंगलवार की रात शौच करने के लिए गांव के बाहर गई थीं। दोनों चचेरी बहनों के घर ना लौटने पर परिजन ने रात भर उनकी तलाश की। अगली सुबह गांव के बाहर एक बाग से दोनों बहनों के शव पेड़ से लटकते पाए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से दोनों किशोरियों के साथ बलात्कार होने तथा फांसी पर लटकाने से मौत की पुष्टि हुई थी।
संयुक्त राष्ट्र ने इस घटना को भयानक अपराध बतायासंयुक्त राष्ट्र ने उत्तरप्रदेश में दो दलित लड़कियों से बलात्कार और उनकी हत्या को भयानक अपराध करार दिया है और जोर देकर कहा है कि कानून के तहत सभी नागरिकों की रक्षा होनी चाहिए। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून के प्रवक्ता स्टीफन डुआरिक ने कहा, दो लड़कियों के साथ बलात्कार और उनकी हत्या एक भयानक अपराध है। इस तरह की घटनाओं पर कहने के लिए कुछ शब्द नहीं मिल रहा। निश्चित तौर पर यह एक भयानक घटना है। डुआरिक ने साथ ही कहा, हर पुरुष, हर महिला की कानून द्वारा रक्षा होनी चाहिए।
First Published: Saturday, May 31, 2014, 09:58