विभाजनकारी राजनीतिक कर रही भाजपा : मनमोहन

विभाजनकारी राजनीतिक कर रही भाजपा : मनमोहन

विभाजनकारी राजनीतिक कर रही भाजपा : मनमोहनखुमताइ (असम) : भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि ऐसी पार्टी विकास नहीं ला सकती है।

शिवसागर जिले में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ‘मैं नहीं समझता कि ऐसी पार्टी जो बांटने की राजनीति में शामिल हो, वह देश में विकास ला सकती है। भारत विविध संस्कृतियों, धर्मो और भाषाओं का देश है जहां भाजपा बांटने की राजनीति में शामिल है।’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘उनकी राजनीति एक व्यक्ति पर आधारित है। उनके पास देश के विकास के लिए कोई भी विशिष्ठ नीति नहीं है।’ प्रधानमंत्री जोरहट लोकसभा क्षेत्र से वर्तमान सांसद और पूर्व मंत्री विजय कृष्ण हांडीक के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे।

संप्रग सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा, ‘हमारी सरकार ने पिछले 10 वषरे के दौरान देश और लोगों के कल्याण के लिए काम किया है। संप्रग सरकार का गठन 10 वर्ष पहले किया गया था और तब से हम पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण से देश और लोगों के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं।’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैं जानता हूं कि आपके समर्थन के साथ हम अपने आर्थिक सुधार और सामाजिक न्याय के उपायों को जारी रख सकेंगे। क्योंकि आपके समर्थन से ही हम आम लोगों और पूरे देश के विकास के लिए काम कर सके हैं।’ संप्रग 1 और संप्रग 2 सरकारों के दौरान देश के विकास का लेखाजोखा पेश करते हुए सिंह ने कहा, ‘आपने संप्रग सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान हमारी सफलता देखी और 2009 में फिर से हमें जनादेश दिया। इस कार्यकाल में भी हमने देश और लोगों के लिए काम करने का पूरा प्रयास किया है। हम कई मायने में सफल रहे हैं लेकिन महसूस करते हैं कि काफी कुछ किया जाना है।’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘पिछले तीन वर्षों में कुछ आर्थिक संकट रहा है लेकिन हम इससे बाहर आने के लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में जो बदलाव आए हैं, वह कांग्रेस नीत सरकार के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा, ‘इन बदलाव के कारण भारत तेजी से उभरता हुआ अर्थव्यवस्था बना है। अगर यह जारी रहा तब काफी कम समय में यह दुनिया में तेजी से आगे बढ़ने वाला राष्ट्र बन जायेगा।’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आर्थिक विकास के बिना गरीबी उन्मूलन संभव नहीं है। अगर विकास नहीं होगा तब युवओं को रोजगार के अवसर नहीं मिलेंगे और आम आदमी विकास से वंचित रह जायेगा।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि दो लाख किलोमीटर ग्रामीण सड़कें बनाई गईं और रेलवे का नेटवर्क, हवाई अड्डों का विकास, मेट्रो रेलवे के अलावा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी आधारभूत संरचना का विकास किया गया। उन्होंने कहा, ‘हम कई देशों के साथ अच्छे संबंध बनाने में सफल रहे और राजनयिक दृष्टि से भारत की स्थिति अच्छी बनी है।’ सिंह ने कहा, ‘मैं भाग्यशाली हूं कि आपने मुझे प्रधानमंत्री चुना है। राजनीति में आने से पहले 40 वर्षों तक मैं विभिन्न पदों पर रहा और पूरी प्रतिबद्धता के साथ सेवा की।’ असम में बदलाव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में इस क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। प्रधानमंत्री पिछले 23 वर्षों से इस क्षेत्र का राज्यसभा में प्रतिनिधित्व करते हैं।

सिंह ने कहा, ‘जोरहट में राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान, जोरहट मेडिकल कालेज अस्पताल, एक अत्याधुनिक अस्पताल, नेशनल इंस्टीट्यूट आफ डिजाइन इस क्षेत्र में कांग्रेस सरकार के दौरान आया है।’ भारत के पोलियो मुक्त होने की घोषणा का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि संप्रग सरकार बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा को विशेष महत्व देती है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, March 29, 2014, 16:04

comments powered by Disqus