Last Updated: Thursday, October 17, 2013, 22:33

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 19 अक्टूबर को कानपुर में होने वाली रैली के लिए सोशल मीडिया में रैली के प्रचार अभियान की शुरुआत कर दी है। कानपुर सहित प्रदेश भर में होने वाली रैलियों कों विजय शंखनाद रैली का नाम देते हुए व्यवस्था पक्ष की दृष्टि से राष्ट्रीय मीडिया संयोजक श्रीकांत शर्मा ने कानपुर में रैली स्थल का दौरा किया। तय किया गया कि रैली स्थल पर की जाने वाली समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं।
प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने बताया कि रैली स्थल पर मीडिया प्रबंधन से जुड़े विषयों को लेकर एक बैठक हुई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक श्रीकांत शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता मनोज मिश्र, चंद्रमोहन, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष शुक्ला व प्रदेश सहमीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित की मौजूदगी में सोशल मीडिया के प्रयोग पर चर्चा हुई। मोदी की रैली के जरिए प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने की रणनीति बनाई गई। प्रयोग के तौर पर हुई इस बैठक को सोशल मीडिया के जरिए पांच लाख लोगों तक पहुंचाया गया।
पाठक ने दावा किया कि मोदी को सुनने की ललक के कारण लगातार युवा वर्ग सहयोगी की भूमिका में अग्रसर हो रहा है और इस युवा वर्ग की ताकत के भरोसे भाजपा की योजना है कि रैली ऐतिहासिक हो और उनके उद्बोधन और विचार अधिकाधिक लोगों तक पहुंचे, इसीलिए फेसबुक, ट्यूटर तथा भाषणों को सीधे 022-45014501 नंबर पर डायल करके सुना जा सकता है, इसी तरह रैलियों से संबिंधित जानकारी के लिए 09328280005 पर मिस्ड कॉल करके ली जा सकती है।
राष्ट्रीय मीडिया संयोजक ने कहा कि मोदी की बढ़ती लोकप्रियता के कारण लोग उन्हें देखना और सुनना चाहते हैं। स्वाभाविक है कि जब जनाकर्षण होगा तो मीडिया का भी रुझान बढ़ेगा। हमें उसके अनुरूप तैयारियां करनी होगी। उन्होंने कहा कि इस रैली पर देश और विदेश के मीडिया की निगाहे हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, October 17, 2013, 22:33