Last Updated: Sunday, January 26, 2014, 23:31
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा ने भारतीय गणतंत्र दिवस के दिन ‘इंडिया 272 प्लस’ पोर्टल पर देशव्यापी अभियान ‘मेरे सपनों का भारत’ शुरू किया ताकि आम लोगों को भारत के बारे में अपने सपनों और उन्हें पूरा करने के तरीकों को साझा करने के लिए मंच मिल सके।
भाजपा ने एक बयान में कहा कि यह एक विचार केंद्रित और लोगों के अनुकूल पहल है जिसमें औसत भारतीयों को राष्ट्र निर्माण में योगदन के लिए अधिकारसपंन्न बनाए जाने पर जोर दिया गया है। इसमें आम लोगों से ऐसे विचार मांगे जाने पर जोर दिया गया है जो मौजूदा शासन और कामकाज में सुधार के लिए योगदान दे सकें। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने इसकी शुरूआत की और लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
रोजाना के कामकाज को बेहतर बनाने के संबंध में विचारों की एक पैनल द्वारा समीक्षा की जाएगी। इस पैनल में किरण खेर और परेश रावल जैसे लोग हैं। बयान के अनुसार पैनल में शामिल लोगों का समूह नरेंद्र मोदी से मिलकर विचारों पर चर्चा करेगा। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने हाल में भारत के बारे में अपने विचार प्रकट किए थे।
इस पहल का मकसद आम लोगों को भारत के बारे में अपने सपनों तथा उन्हें साकार करने के तरीकों के बारे में विचार साझा करने का मंच प्रदान करना है। पार्टी ने ‘खराब शासन’ के लिए केंद्र पर निशाना साधा और कहा कि इससे मुद्रास्फीति, भाई भतीजावाद और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला। पार्टी ने कहा कि हर भारतीय को अब भी नए सबेरा और ऐसे दिन की उम्मीद है जब उनके सपनों के देश की नींव रखी जाएगी। (एजेंसी इनपुट के साथ)
First Published: Sunday, January 26, 2014, 23:31