Last Updated: Tuesday, May 27, 2014, 11:33
नई दिल्ली : कांग्रेस की वंशवादी राजनीति के कटु आलोचक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नवगठित मंत्रिमंडल में भाजपा नेताओं में से किसी की भी संतान को जगह नहीं दी है।
पूर्व वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा के पुत्र जयंत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमण सिंह के पुत्र अभिषेक सहित आधा दर्जन नेताओं की संतानों को मंत्रिमंडल से दूर रखा गया है। जयंत ने जहां झारखंड की हजारीबाग सीट से जीत हासिल की है वहीं अभिषेक छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव सीट से सांसद हैं।
राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत को भी मंत्री पद नहीं मिला है। वह राजस्थान के झालावाड़-बारन सीट से सांसद हैं। भाजपा को राज्य में सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल हुई है। भाजपा सांसद मेनका गांधी को तो मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिला है लेकिन उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से सांसद उनके पुत्र वरूण गांधी को भी मंत्रिमंडल से दूर रखा गया है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजबीर सिंह और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत साहिब सिंह वर्मा के पुत्र प्रवेश वर्मा को भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। यहां तक कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के पुत्र अनुराग ठाकुर को भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, May 27, 2014, 11:33