Last Updated: Monday, October 28, 2013, 17:09
नई दिल्ली : भाजपा ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव और उससे पहले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारियों और प्रचार कार्यो के लिए चौबीसों घंटे चलने वाले अपने ‘चुनाव प्रबंधन केन्द्र’ का गठन किया।
यह केन्द्र दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और मिज़ोरम के विधानसभा तथा 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की रैलियों और सार्वजनिक सभाओं और प्रचार सामग्रियों आदि के बारे में समन्वय बनाने का काम करेगा। ‘वार-रूम’ कहे जाने वाले इस केन्द्र के प्रभारी पार्टी के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी होंगे।
इस ‘वार-रूम’ के कार्यालय का उद्घाटन भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एम वेंकैया नायडु ने किया। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में वे जी-जान से जुट जाएं।
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को इस केन्द्र से देश भर में होने वाली रैलियों और जन सभाओं की प्रतिक्रियाओं सहित अन्य जानकरियां उपलब्ध कराई जाएंगी। यह केन्द्र प्रचार के पारंपरिक तरीकों के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी और सोशल मीडिया जैसे आधुनिक माध्यमों का भी उपयोग करेगा।
पार्टी के सभी कार्यकर्ता इस केन्द्र से चौबीसों घंटे जुड़े रह सकेंगे और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप उन्हें जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इस केन्द्र के उद्घाटन के अवसर पर अन्य लोगों के अलावा पार्टी महासचिव (संगठन) राम लाल, राजीव प्रताप रूडी, मुरलीधर रेड्डी, धर्मेन्द्र प्रधान और प्रवक्ताओं में निर्मला सीतारमण तथा प्रकाश जावडेकर उपस्थित थे। (एजेंसी)
First Published: Monday, October 28, 2013, 17:09