Last Updated: Friday, October 18, 2013, 16:34
नई दिल्ली : भाजपा ने आज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के इस आरोप को गलत बताया कि देश में गुजरात की जनता पर प्रति व्यक्ति सबसे अधिक कर्ज का बोझ है। उसने कहा कि ऋण के आंकड़ों से अधिक मायने यह रखता है कि कोष का इस्तेमाल कैसे किया गया।
पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा, ‘ऋण के आंकड़े जरूरी हैं। लेकिन उससे जरूरी इस बात के मायने हैं कि धन का इस्तेमाल कैसे किया गया। महाराष्ट्र और कांग्रेस नीत अन्य राज्यों की सरकारों पर भारी कर्ज है, लेकिन वे विकास के लक्ष्यों को हासिल नहीं कर पाइ, क्योंकि वे गहरे तक भ्रष्टाचार में धंसी हैं।’
अपने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी का बचाव करते हुए भाजपा ने दावा किया कि गुजरात ने देश को यह दिखाया है कि समाज के लाभ और विकास के लिए ऋण का कैसे इस्तेमाल किया जाए।
जावडेकर ने कहा, ‘इसीलिए गुजरात वह एकमात्र राज्य है जिसका सकल घरेलू उत्पाद पिछले 12 साल से 8 प्रतिशत से अधिक है और इसी अवधि में उसकी कृषि विकास दर भी दोहरे अंकों में है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर महाराष्ट्र में 70,000 करोड़ रूपए सिंचाई पर खर्च किए गए लेकिन वह बड़ा घोटाला साबित हुआ। इसके चलते वहां के किसानों का आत्महत्या करना जारी है। (एजेंसी)
First Published: Friday, October 18, 2013, 16:34