सत्ता की भूख में जहर की खेती कर रही भाजपा : सोनिया

सत्ता की भूख में जहर की खेती कर रही भाजपा : सोनिया

सत्ता की भूख में जहर की खेती कर रही भाजपा : सोनियागुलबर्गा (कर्नाटक) : भाजपा और प्रधानमंत्री पद के लिए उसके उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि वे सत्ता की अपनी ‘भूख’ के लिए हिंसा को भड़काने तथा ‘जहर की खेती’ जैसी विभाजनकारी राजनीति में लिप्त हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और अन्य दलों का एक ही मकसद है कि वे सत्ता के लिए लालयित हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरा पूरा भरोसा है कि आप ऐसे लोगों को मंजूर नहीं करेंगे जो जहर का बीज बोते हैं, जो धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों में भरोसा नहीं करते और जो कामयाबी पाने के लिए हिंसा भड़काने की राजनीति करते हैं।’ भाजपा ने सोनिया के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और पार्टी प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि कांग्रेस का 2014 में वही हश्र होगा जो 2007 में नरेंद्र मोदी के खिलाफ उनकी ‘मौत का सौदागर’ संबंधी टिप्पणी के बाद हुआ था।

मोदी का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए सोनिया ने कहा, ‘जो लोग अपनी प्रशंसा खुद ही कर रहे हैं, मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि क्या वे देश का भला करेंगे। नहीं, बिल्कुल नहीं। उनका एकमात्र मकसद सत्ता हासिल करना और इसके लिए वे हर प्रकार के षड्यंत्र का सहारा लेंगे। आपको ऐसे लोगों से सतर्क रहना और उनके इरादों को समझना होगा।’

सोनिया गांधी ने राज्य के उत्तरी हिस्से में हैदराबाद-कर्नाटक क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि यह क्षेत्र सूफी संतों की कर्मभूमि है और देश की मिलीजुली संस्कृति का प्रतीक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सत्ता के लिए लालायित है वहीं उनकी पार्टी देश और उसके लिए लोगों के लिए चिंतित है। सोनिया ने कहा, ‘यह आवश्यक है कि किसी प्रकार सत्ता हासिल करने के लिए विपक्षी दलों की योजनाओं से लोग सतर्क रहें।’

उन्होंने कहा, ‘हम गरीबी हटाने और निर्धनों को आत्मसम्मान दिलाने के लिए भी चिंतित हैं। हम भाईचारा को बढ़ाने ओर समाज में शांति कायम रखने के लिए चिंतित हैं। इसलिए हम विकास को गति देने की स्थिति में हैं।’ सोनिया ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार से मुकाबला कर रही है और इसके लिए पार्टी ने सूचना का अधिकार कानून और लोकपाल कानून लाया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सहित विपक्ष पार्टियां खोखले वायदे करती हैं और गलत आरोप लगाती हैं।

कर्नाटक का जिक्र करते हुए सोनिया ने कहा कि राज्य में भाजपा के ‘भ्रष्ट’ शासन के दौरान मनरेगा जैसी केंद्रीय योजनाएं लोगों तक नहीं पहुंची। लेकिन मौजूदा कांग्रेस सरकार इन योजनाओं को लागू करने में कामयाब रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए विपक्षी दलों के भ्रष्टाचार के बारे में बोलने की जरूरत नहीं है क्योंकि लोग इसे महसूस कर चुके हैं खासकर भाजपा के शासन में। (एजेंसी)

First Published: Saturday, February 1, 2014, 22:16

comments powered by Disqus