सीमा पर शांति को लेकर भारत-चीन में हुई चर्चा

सीमा पर शांति को लेकर भारत-चीन में हुई चर्चा

नई दिल्ली : भारत और चीन ने जटिल सीमा मुद्दे पर अपने विशेष प्रतिनिधियों की वार्ता से पहले सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय कार्य तंत्र की आज पांचवीं बैठक की जिसमें सीमा पर शांति बनाये रखने के उपायों पर चर्चा की गई।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वार्ता स्पष्ट और रचनात्मक एवं प्रगतिशील माहौल में आयोजित हुई। इसमें भारत चीन के सीमा क्षेत्रों विशेष रूप से पश्चिम सेक्टर में हाल में हुई घटनाओं की समीक्षा की गई। मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान सीमा रक्षा सहयोग समझौते , अतिरिक्त विश्वास बहाली उपायों और शांति बनाये रखने के आगे के कदमों पर भी चर्चा की गई। भारत के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संयुक्त सचिव गौतम बंबावाले ने किया और उसमें विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और गृह मंत्रालय के साथ ही सेना और भारत तिब्बत सीमा पुलिस के प्रतिनिधि शामिल थे।

चीन के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चीन के विदेश मंत्रालय के सीमा एवं समुद्री मामलों के विभाग के महानिदेशक उयांग यूजिंग ने किया और उसमें विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के प्रतिनिधि शामिल थे। सीमा मामलों पर सलाह एवं समन्वय कार्य तंत्र का गठन सीमा पर दोनों देशों के सैनिकों के बीच समस्याओं के समाधान के लिए किया गया था। (एजेंसी)

First Published: Monday, February 10, 2014, 14:56

comments powered by Disqus