Last Updated: Saturday, October 19, 2013, 12:43
कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पहली बार बुलेट प्रुफ मंच से संबोधित करेंगे। भाजपा की विजय शंखनाद रैली के लिए तैयार किया गया यह मंच काफी भव्य है। शुक्रवार को कानपुरवासियों ने इसका दीदार किया। शुक्रवार देर रात तक लोग परिवार सहित मोदी के रैली स्थल को देखने पहुंचे।
मोदी के मंच की निगरानी और आसपास की सुरक्षा का जिम्मा गुजरात से आए हुए अधिकारियों ने अपने हाथों में ले लिया है। मोदी के खास और करीबी माने जाने वाले इन अधिकारियों के सुझावों के आधार पर ही भाजपा के पदाधिकारियों ने मंच को अंतिम रूप दिया है। कानपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने बताया, `मुख्य मंच जहां से मोदी संबोधन करेंगे वह 100 फुट लंबा और 30 फुट चौड़ा बनाया गया है। इस मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा दो मंच और बनाए गए हैं जिनमें प्रदेश के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी विराजमान होंगे।`
देशभर में अब तक हुई मोदी की हर रैली में अपेक्षा से अधिक भीड़ जुट चुकी है। प्रदेश में पहली रैली कानपुर में होने से भाजपाइयों को भीड़ का अनुमान भी कुछ बढ़ गया है। रैली में आने वाला कोई भी व्यक्ति बगैर मोदी को सुने व देखे न जाए इसके लिए भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
इंदिरा नगर में बुद्धापार्क के सामने खाली पड़े मैदान के 1.08 लाख वर्ग मीटर स्थान का प्रयोग रैली के लिए किया जा रहा है। रैली में तीन से साढ़े तीन लाख लोगों के जुटने का अनुमान लगाया जा रहा है। भीड़ की वजह से कोई भी व्यक्ति रैली में मोदी को देखे बिना न लौटे, इसके लिए भाजपाइयों ने रैली स्थल से दो किलोमीटर की परिधि में मोदी को देखने और उनके भाषण को सुनने का प्रबंध किया है। मैदान के अंदर 10 और दो किलोमीटर परिधि में 17 एलसीडी स्क्रीन लगाई गई हैं।
जाम या अन्य कारण से रैली स्थल तक न पहुंचने वाले लोगों को भी मोदी स्पष्ट आवाज के साथ एलसीडी स्क्रीन पर दिखाई देंगे। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष शुक्ला ने बताया कि बेहतर प्रसारण के लिए 17 एलसीडी स्क्रीन वाले टेलीविजन लगाए गए हैं। मोदी की रैली को ऐतिहासिक माना जा रहा है।
First Published: Saturday, October 19, 2013, 12:43