Last Updated: Sunday, December 15, 2013, 11:26
नई दिल्ली : केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री शीश राम ओला का लंबी बीमारी के कारण गुड़गांव के एक अस्पताल में रविवार को निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे।
मेदांता मेडिसिटी के सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस के नेता स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्याओं से पीड़ित थे। उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है।
30 जुलाई 1927 को जन्मे जाट नेता ओला राजस्थान के झुनझुनु संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे। वह 1957 से 1990 तक राजस्थान विधानसभा के सदस्य रहे और 1980 से 1990 तक राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे।
ओला ने 1996 से 1997 तक रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 1997 से 1998 तक जल संसाधन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वह 23 मई 2004 से 27 नवंबर 2004 तक केंद्र सरकार में श्रम एवं रोजगार मंत्री रहे। उन्होंने मनमोहन सिंह की सरकार में केंद्रीय खनन मंत्री का कार्यभार संभाला।
उनके पुत्र बीजेंद्र ओला झुनझुनू से विधायक हैं और राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री हैं। वर्ष 1968 में पद्म श्री से सम्मानित ओला ने 1952 में गांधी बालिका निकेतन अरडावता नाम से तीन लड़कियों के साथ एक स्कूल खोला था। उन्होंने इसके जरिए ग्रामीण राजस्थान के दूर दराज के इलाकों में लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा दिया। (एजेंसी)
First Published: Sunday, December 15, 2013, 11:26