संप्रग सरकार के कार्यकाल में नहीं बढ़ा भ्रष्टाचार : चिदंबरम

संप्रग सरकार के कार्यकाल में नहीं बढ़ा भ्रष्टाचार : चिदंबरम

संप्रग सरकार के कार्यकाल में नहीं बढ़ा भ्रष्टाचार : चिदंबरमनई दिल्ली : वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने एक बार फिर संवैधानिक संस्थाओं पर निशाना साधते हुए कहा कि इन संस्थाओं की वजह से ही देश में भ्रष्टाचार बढ़ने की धारणा व्याप्त हुई है, जबकि सच्चाई यह है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल में स्थिति खराब नहीं हुई है।

चिदंबरम ने बीबीसी को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘मैं मानता हूं कि भ्रष्टाचार है, लेकिन मैं यह नहीं कह सकता कि स्थिति और बिगड़ी है।’ चिदंबरम से पूछा गया था कि सर्वेक्षण में 92 प्रतिशत लोगों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामले में स्थिति और खराब हुई है।

वित्त मंत्री ने कहा, ‘भ्रष्टाचार को बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है। अब हम कुछ नीतिगत निर्णयों की ओर देख रहे हैं जिनमें भ्रष्टाचार को लेकर बहस हो सकती है और चूंकि इन मामलों को कुछ संवैधानिक संस्थाओं ने काफी बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत कर दिया, यही वजह है कि भ्रष्टाचार के बारे में आज ऐसी व्यापक धारणा बनी है कि स्थिति पहले से काफी खराब हुई है।’ चिदंबरम ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार की समस्या को समझती है और इससे निपट रही है।

कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार को एक के बाद एक लगातार भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करना पड़ा है। संप्रग सरकार के कार्यकाल में स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाला, कोल ब्लॉक आवंटन घोटाला, आदर्श सोसायटी और राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में घोटाला जैसे कई आरोप लगे हैं। ये सभी आरोप संवैधानिक संस्था नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) की रिपोर्ट सामने आये हैं। चिदंबरम ने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार की समस्या केवल भारत तक ही सीमित नहीं है बल्कि दूसरे देशों में भी यह है।

बड़ी संख्या में संसद सदस्यों और विधायकों के आपराधिक मामलों में आरोपी होने के बारे में पूछे जाने पर चिदंबरम ने कहा, ‘हम इकनोमिस्ट, टाइम मैगजीन या फिर द वॉल स्ट्रीट में दूसरे देशों के कानून निर्माताओं के बारे में जो समाचार पढ़ते हैं उसमें ज्यादा फर्क नहीं दिखता है।’

आगामी लोकसभा चुनावों में सफलता की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर वित्त मंत्री ने कहा कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी युवा हैं। उन्हें चुनाव अभियान का प्रमुख बनाया जा रहा है। वह हमें 2014 के आम चुनाव में विजय दिला सकते हैं। लेकिन यदि वह ऐसा नहीं भी कर सकें तो क्या आप कह सकते हैं कि वह अगले चुनाव में हमें विजय नहीं दिला सकते?

चिदंबरम ने आगे कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग सरकार पिछले 10 साल से सत्ता में है और इस दौरान उसने कुछ गलतियां भी की होंगी और कुछ सफलताएं भी हासिल की हैं। ‘जनता वोट देगी और फैसला करेगी कि उन्हें हमें फिर से सत्ता सौंपनी है अथवा नहीं।’ (एजेंसी)

First Published: Thursday, January 30, 2014, 18:44

comments powered by Disqus