Last Updated: Monday, November 11, 2013, 21:52
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस में दो तरह की राय उभर कर सामने आई है। केंद्रीय वित्त मंत्रीपी. चिदंबरम मोदी को जहां चुनौती के रूप में देखते हैं, वहीं केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की नजर में मोदी कांग्रेस पार्टी के लिए कोई चुनौती नहीं हैं।
शिंदे से सोमवार को यह पूछे जाने पर कि क्या गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस पार्टी के लिए चुनौती हैं, इस पर शिंदे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी कांग्रेस के लिए चुनौती नहीं हैं। कांग्रेस एक बड़ी पार्टी है, काफी पुरानी पार्टी है। इसकी स्थापना के 120 साल पूरे हो चुके हैं और इसकी अपनी पहचान है।’’
ज्ञात हो कि चिदंबरम के रविवार को मोदी को ‘‘चुनौती देने वाला’’ माना था, शिंदे ने कहा कि वह और उनकी पार्टी का ऐसा मानना नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अन्य के बारे में नहीं कह सकता। मैं अपने और अपनी पार्टी की ओर से कह रहा हूं।’’ गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस कई चुनौतियों का सामना करती रही है और पार्टी के लिए यह कोई नयी बात नहीं है।
चिदंबरम ने रविवार को माना कि कांग्रेस मोदी को चुनौती देने वाले नेता के तौर पर देखती है।
चिदंबरम ने कहा, ‘‘राजनीतिक दल के तौर पर हम मानते हैं कि वह (मोदी) चुनौती पैदा करने वाले हैं। हम उनकी अनदेखी नहीं कर सकते। वह मुख्य विपक्षी दल के उम्मीदवार हैं। हमें उन्हें ध्यान में रखना होगा।’’
First Published: Monday, November 11, 2013, 21:52