चीन हमेशा धोखेबाज रहा है, उसकी नजरें देश के उत्तरी सीमांत पर : मुलायम

चीन हमेशा धोखेबाज रहा है, उसकी नजरें देश के उत्तरी सीमांत पर : मुलायम

चीन हमेशा धोखेबाज रहा है, उसकी नजरें देश के उत्तरी सीमांत पर : मुलायमलखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा कि चीन हमेशा धोखेबाज रहा है। उसकी नजरें हमारे उत्तरी सीमांत पर लगी हैं। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू चीन के धोखे के शिकार हुए और उसी सदमे में उनकी मृत्यु हुई। उन्होंने कहा कि हमें उत्तरी सीमा पर सावधानी और हिम्मत से मुकाबला करना पड़ सकता है।

यादव मोहनलालगंज, लखनऊ के करौरा ग्राम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नारायण दत्त तिवारी के 89वें जन्म दिवस पर आयोजित कौमी एकता महासम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर सुशीला तिवारी स्मारक बालिका महाविद्यालय, डा. राम मनोहर लोहिया पार्क और अनाथालय का शिलान्यास भी किया।

सपा मुखिया ने तिवारी के दीर्घायु और स्वस्थ तथा सक्रिय रहने की कामना करते हुए उनके साथ अपने लम्बे संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के इस महान नेता के जन्म दिन पर यह संकल्प लेना होगा कि बेकारी, भूख, बीमारी जैसी समस्याओं का सभी मिलकर सामना करें। देश को विकास की ओर ले चलें। सभी वर्गो का सहयोग प्राप्त करें।

यादव ने कहा कि देश के समक्ष गम्भीर समस्याएं हैं। कुछ माह पहले भारतीय सीमा के 19 किलोमीटर अंदर तक चीनी सेनाएं आ गई थी। लोकसभा में मैंने कहा कि चीन वापस नहीं गया है। उसकी बुरी नजरें हमारे क्षेत्र पर हैं। वह हमेशा से धोखेबाज रहा है। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू के समय चीनी प्रधानमंत्री चाऊ एन लाई का बहुत भव्य स्वागत हुआ। हिन्दी-चीनी भाई-भाई के खूब नारे लगे। लेकिन चाऊ ने पं. नेहरू के साथ विश्वासघात किया और उसी सदमे में उनकी मौत हो गई। डा. राम मनोहर लोहिया का भी यही मत था।

उत्तर प्रदेश के चार बार मुख्यमंत्री, कई विभागों के केन्द्रीय मंत्री और पूर्व राज्यपाल रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नारायण दत्त तिवारी ने कहा कि देश की तरक्की बिना उत्तर प्रदेश के विकास के सम्भव नहीं है। यह दिखाना होगा कि हर गांव, खेत और झोपड़ी में प्रदेश आगे बढ़ा है। इसमें किसी तरह का अलगाव और झण्डों का झगड़ा नहीं होना चाहिए। ये सभी भारत की एकता की याद दिलाते हैं और भारत के संविधान की नजर में सब एक हैं। किसान अपने खेत में जब फसल दुगनी कर लेते हैं तो वही प्रदेश तकनीकी विकास में भी आगे होता है। उद्योग और खेती का विकास बढ़ चढ़कर होना चािहए।

तिवारी ने कहा कि आनेवाली सदी और ज्यादा महत्वपूर्ण होगी। दुनिया भारत की ओर देख रही है। पहले हम गुलाम थे आज हम आजाद है। अब हमें किसी की नकल नहीं करनी है, अपनी ताकत बनानी है। उन्होंने नौजवानों से कहा कि वे जाति, संप्रदाय के झगड़े में न पड़े। इतिहास की जानकारी रखें। यह जानें कि दुनिया में क्या हो रहा है। सोचें कि हम कहां है? हम आगे बढ़ेगें तो इंसानियत आगे बढ़ेगी। समारोह में स्थानीय जूनियर हाई स्कूल को इंटर कालेज और मोहनलालगंज को टाउन एरिया घोषित करने की मांग उठाई गई। मुलायम सिंह यादव ने उस पर कार्यवाही कराने का भरोसा दिया। (एजेंसी)

First Published: Friday, October 18, 2013, 22:41

comments powered by Disqus