Last Updated: Friday, November 22, 2013, 19:55
बेंगलुरु : प्रख्यात वैज्ञानिक एवं भारत रत्न से सम्मानित प्रो. सीएनआर राव चीनी विज्ञान अकादमी (सीएएस) के लिए मानद विदेशी सदस्य के तौर पर चुने जाने वाले प्रथम भारतीय वैज्ञानिक हो गए हैं।
‘जवाहरलाल नेहरू सेंटर फॉर एडवांस्ड साइंटिफिक रिसर्च ’ ने बताया कि इस प्रतिष्ठित अकादमी के लिए चुने जाने वाले प्रो. राव प्रथम भारतीय हैं। इसमें नोबेल पुरस्कार से सम्मानित कई वैज्ञानिक और दुनिया के प्रख्यात वैज्ञानिक शामिल हैं। राव इस संस्थान के संस्थापक एवं मानद अध्यक्ष हैं। संस्थान ने एक विज्ञप्ति में बताया कि पिछले हफ्ते भारत रत्न से सम्मानित राव का चयन सीएएस ने चार नवंबर को हुई अपनी महासभा में किया।
इसमें कहा गया है कि राव करीब-करीब दुनिया की सभी वैज्ञानिक अकादमियों के लिए चुने जा चुके हैं जिनमें लंदन स्थित द रॉयल सोसाइटी, अमेरिका की नेशनल एकेडमी ऑफ साइंस, पोंटीफिकल एकेडमी ऑफ साइंस, जापान एकेडमी और रॉयल स्पेनिश एकेडमी ऑफ साइंसेज शामिल हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्हें दुनिया भर के विभिन्न विश्वविद्यालयों ने डॉक्टरेट की मानद उपाधि से भी सम्मानित किया है। (एजेंसी)
First Published: Friday, November 22, 2013, 19:55