देश में भ्रष्टाचार की मुख्य जड़ कांग्रेस पार्टी : नरेंद्र मोदी

देश में भ्रष्टाचार की मुख्य जड़ कांग्रेस पार्टी : नरेंद्र मोदी

देश में भ्रष्टाचार की मुख्य जड़ कांग्रेस पार्टी : नरेंद्र मोदीसुजानपुर (हिमाचल प्रदेश) : कांग्रेस पर वोटबैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि आंध्रप्रदेश के विभाजन पर मचा बवाल इस बात का सटीक उदाहरण है कि कैसे सत्तारूढ़ दल जहर का बीज बोती है।

मोदी ने यहां एक रैली में कहा, ‘आपने वोटबैंक की राजनीति शुरू की और अब आप हमपर दोषारोपण कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘यह कांग्रेस ही है जो जहर का बीज बोती है। आंध्रप्रदेश यह साबित करने के लिए बिल्कुल सटीक उदाहरण है कि आप ‘जहर की खेती’ करते हैं।’ कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी पर प्रहार करते हुए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा, ‘मैडम कह रही हैं कि अगला चुनाव एकता के लिए है और यह कि हम (भाजपा) जहर का बीज बोते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘लेकिन यह (जहर की खेती) कौन कर रहा है? किसने यह शुरू किया? किसने भाइयों, राज्यों के बीच मतभेद पैदा किया? किसने धनी और गरीबों के बीच मतभेद की दीवार खड़ी की?’ उन्होंने कहा कि राजग के शासनकाल में तो तीन नये राज्य बिल्कुल आसानी से बन गए। जब भाजपा ने उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का बंटवार किया तब तो कोई बवाल खड़ा नहीं हुआ।

मोदी ने कहा, ‘भाजपा प्यार, न कि घृणा की राजनीति करती है’ उन्होंने कांग्रेस पर घृणा और अस्पृश्यता की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘एक दिन, करेल के एक नेता ने मेरी प्रशंसा (क्या) कर दी, उन्हें हटा दिया गया। केरल के एक मंत्री ने मुझसे भेंट (क्या) की, उनकी खबर ले ली गयी। घृणा एवं अस्पृश्यता की इस तरह की राजनीति लोकतंत्र के लिए अच्छी नहीं है।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस वंशवादी पार्टी है और वंशवादी राजनीति लोकतंत्र की दुश्मन है।

मोदी ने महंगाई को लेकर संप्रग सरकार पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने तो 100 दिनों में महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन वह कर नहीं पाई। उन्होंने कहा, ‘पिछले 60 साल में कांग्रेस ने विकास के लिए कुछ नहीं किया लेकिन भाजपा 60 महीने में सबकुछ बदल देगी।’ भ्रष्टाचार और कालेधन का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा, ‘इस देश में भ्रष्टाचार की मुख्य जड़ कांग्रेस पार्टी है। यदि कांग्रेस नेता भ्रष्ट नहीं हैं, तो उन्हें कालेधन को लेकर क्यों चिंता खाए जा रही है?’

उन्होंने कहा, ‘इन लोगों ने गरीबों को लूटा और विदेश में काला धन छिपा दिया। हमें उसे वापस लाना है। वेतनभोगी और नियमित रूप से कर का भुगतान करने वालों को देश में लाए जाने वाले कालेधन से इनाम मिलेगा।’

मोदी ने कहा, ‘देश को तोड़ने की राजनीति के दिन लद गए.. भाजपा केवल विकास की राजनीति के लिए कटिबद्ध है।’ उन्होंने लोगों से रोजगार और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के लिए वोट डालने का आह्वान करते हुए कहा, ‘हम देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कटिबद्ध हैं...मैं यहां आपके पास वादे लेकर नहीं आया हूं बल्कि राजग को राष्ट्रीय विकास गठबंधन बनाने के संकल्प के साथ आया हूं।’

मोदी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कहते हैं कि पैसे पेड़ पर नहीं उगते लेकिन हिमाचल प्रदेश के नेता (मुख्यमंत्री) ने अपनी आय में 14 गुणा वृद्धि दिखायी, यानी पैसे तो पेड़ पर ही उगे न।

आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर मोदी ने हिमाचल प्रदेश के बड़े वोट बैंक ‘पूर्व सैनिकों’ को आकर्षित करने का प्रयास किया और कहा, ‘यह योद्धाओं और शहीदों की जमीन है। जिन पूर्व सैनिकों ने भाजपा का हाथ थामा है, मैं उनका स्वागत करता हूं। यह ऐसी पार्टी नहीं है जहां सदस्यता नहीं, बल्कि लोगों में संबंध है।’ भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि कमजोर नेतृत्व के कारण कोई भी ऐरा गैरा भारत पर अपनी नाक घुसा देता है, ऐसी स्थिति मोदी के प्रधानमंत्री बनने से खत्म होगी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 16, 2014, 19:19

comments powered by Disqus