लोकसभा की 100 सीटों के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार तय!

लोकसभा की 100 सीटों के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार तय!

लोकसभा की 100 सीटों के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार तय! नई दिल्ली : केंद्रीय चुनाव समिति की सोमवार रात हुई बैठक के बाद कांग्रेस 100 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय करने के करीब है। हालांकि, लोकसभा के मौजूदा कांग्रेस सांसदों के भाग्य पर फैसला 21 फरवरी को संसद का चालू सत्र संपन्न होने के बाद ही लिया जाएगा।

पार्टी नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 20 और बिहार, कर्नाटक, ओड़िशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश तथा पूर्वोत्तर सहित कई राज्यों की अनेकों सीटों पर उम्मीदवार तय करने के मुद्दे पर आज रात हुई बैठक में चर्चा की गयी। कितने उम्मीदवारों के नाम को आज अंतिम रूप दिया गया, इस बारे में तो सूत्रों ने नहीं बताया पर उन्होंने कहा कि 100 से ज्यादा सीटों पर चर्चा हुई। राज्यों की स्क्रीनिंग कमेटी से मिली रिपोर्ट के आधार पर इस मुद्दे पर चर्चा हुई।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्यों में शामिल हैं। उम्मीदवारों के नाम पर फैसला करना इसी समिति का काम है। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड जैसे राज्यों में गठबंधनों पर अभी फैसला न होने के कारण पार्टी नेतृत्व ऐसे राज्यों की सीटों पर विचार नहीं कर सका। इस महीने के अंत तक ज्यादातर सीटों पर उम्मीदवार तय किए जाने की संभावना है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि उन सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का फैसला जल्द किया जाएगा जो अभी कांग्रेस के पास नहीं है। पार्टी को पिछले लोकसभा चुनाव में 206 सीटें हासिल हुई थीं। (एजेंसी)

First Published: Monday, February 17, 2014, 23:34

comments powered by Disqus