Last Updated: Tuesday, January 7, 2014, 23:37
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली: कांग्रेस ने अब नए तरीके से राहुल गांधी के इमेज को चमकाने का फैसला किया है। सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के प्रचार के लिए कांग्रेस पार्टी ने दो कंपनी के साथ करार किया है। कांग्रेस पार्टी ने दो कंपनियों को विज्ञापन और पीआर का जिम्मा सौंपा है। यह करार जापान की विज्ञापन कंपनी और पीआर कंपनी डेंटसू इंडिया के साथ किया गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस इसके लिए 500 करोड़ रुपये कंपनी को भुगतान करेगी।
डेंटसू इंडिया राहुल गांधी के लिए चुनाव प्रचार का काम करेगी। दूसरी तरफ कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की मौजूदगी को मजबूत करने के लिए बुर्सन मार्सटेल कंपनी के साथ भी करार किया है। यह कंपनी राहुल गांधी के फेसबुक और टि्वटर अकाउंट को संभालेगी। यानी सोशल नेटवर्किंग साइट के इन दोनों एकाउंट पर राहुल गांधी की हर चीज यह कंपनी संभालेगी।
2014 के अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राहुल गांधी के चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेस ने यह करार किया है। गांधी के प्रचार के लिए थीम आम आदमी सशक्तिकरण रखी गई है। कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी की छवि को सोशल मीडिया पर चमकाने के लिए कांग्रेस ने बुर्सन मार्सटेलर कंपनी के साथ करार किया है। कंपनी से जुड़े सूत्रों ने भी इसकी पुष्टि की है। हालांकि कांग्रेस ने इस पर कुछ भी कहने से मना कर दिया। दरअसल राहुल गांधी कांग्रेस के अघोषित पीएम है और ऐसे में यह तय है कि उनकी पीएम पद की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद चुनाव प्रचार की चुनौतियों का भी नए अंदाज में सामना करना होगा।
First Published: Tuesday, January 7, 2014, 17:02