Last Updated: Tuesday, December 24, 2013, 21:26
ज़ी मीडिया ब्यूरो नई दिल्ली : दिल्ली में सरकार बनाने जा रही आम आदमी पार्टी (आप) को कांग्रेस की ओर से दिए गए समर्थन पर कांग्रेस पार्टी के महासचिव जर्नादन द्विवेदी ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस में यह राय है कि सरकार बनाने के लिए ‘आप’ को समर्थन का फैसला शायद सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के कई नेता आप को समर्थन देने के पक्ष में हैं जबकि पार्टी का एक तबका आत्मचिंतन के पक्ष में है। `आप` को समर्थन दिए जाने पर उठे विवाद पर कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस ने `आप` को समर्थन दे दिया है और अब वे उसे वापस नहीं लेंगे। हमें समर्थन का प्रस्ताव निभाना होगा, हालांकि पार्टी का एक धड़ा समर्थन के खिलाफ है। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी के अंदर `आप` को समर्थन देने के मुद्दे पर मतभेद है। उन्होंने यह भी कहा कि अतिवाद और आतंकवाद में ज्यादा फर्क नहीं होता है।
गौर हो कि मंगलवार को कांग्रेस समर्थकों ने `आप` को समर्थन का विरोध करते हुए आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल का पुतला भी जलाया। राहुल गांधी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल हमारे भविष्य के नेता हैं। उन्होंने कहा कि पहले वाली दिल्ली अब नहीं रही। कांग्रेस ने दिल्ली में 15 साल तक शासन किया है। इन 15 सालों में कांग्रेस ने दिल्ली में आम जनता के लिए काफी काम किए हैं। दिल्ली में हुई हार के बारे में हमें सोचने की जरूरत है।
समर्थन के सवाल पर जनार्दन ने कहा कि कांग्रेस में यह राय है कि सरकार बनाने के लिए ‘आप’ को समर्थन का फैसला शायद सही नहीं है। जनादेश कांग्रेस के लिए नहीं था। हमें विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए थी और जनता के मुद्दे उठाने चाहिए थे। कांग्रेस को इस मुद्दे पर बीच का रास्ता लेना होगा क्योंकि उसने सरकार बनाने के लिए ‘आप’ को समर्थन देने का फैसला कर लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी पार्टी में कांग्रेस अध्यक्ष के बाद नंबर दो हैं पर यह सही है कि वह पार्टी के भविष्य के नेता हैं।
First Published: Tuesday, December 24, 2013, 17:40