Last Updated: Monday, January 13, 2014, 13:01

नई दिल्ली : कांग्रेस ने सोमवार को आम आदमी पार्टी पर नरेन्द्र मोदी के हमलावर रुख का मजाक उड़ाते हुए पूछा कि क्या अरविंद केजरीवाल की पार्टी की लोकप्रियता ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को ‘परेशान’ कर दिया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली मामलों के प्रभारी शकील अहमद ने ट्विटर पर चुटकी ली कि मोदी की कांग्रेस आलोचना तो समझ में आती है, लेकिन अब उन्होंने आप की आलोचना भी शुरू कर दी है। क्या वह आप के उभरने से वाकई परेशान हैं।
मोदी ने कल आप की आलोचना करते हुए पूछा था कि क्या सिर्फ टेलीविजन के स्क्रीन पर दिखाई देकर अच्छा बना जा सकता है या जमीन पर रचनात्मक विजन से। गोवा में एक रैली को संबोधित करने के बाद मोदी ने ट्वीट किया कि लोगों को यह फैसला करना होगा-क्या लगातार टेलीविजन पर दिखाई देना अच्छा होता है या जमीन पर रचनात्मक और विकास आधारित विजन होना। मोदी ने कहा कि कुछ लोग भाजपा की क्षमता पर सवाल उठाते हैं। कांग्रेस के संरक्षक हमपर उंगली उठा रहे हैं। इससे पहले आप ने भाजपा की क्षमता पर सवाल उठाया था।
भाजपा और आप में शब्दों की जंग विपक्षी पार्टी को यह एहसास होने के बाद बढ़ गई है कि केजरीवाल का उद्भव लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की बजाय भाजपा को ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता है।
First Published: Monday, January 13, 2014, 13:01