Last Updated: Sunday, March 23, 2014, 11:58

नई दिल्ली: कानून मंत्री कपिल सिब्बल ने आज कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के अभियान को कारपोरेट सेक्टर आगे बढ़ा रहा है क्योंकि वह उनसे ऐसी छूट चाह रहा है जो उन्हें (कारपोरेट सेक्टर) गुजरात में प्रदान की गई। सिब्बल ने कहा कि भाजपा विभिन्न राज्यों में विश्वसनीय गठबंधन करने में विफल रही है और कुछ कांग्रेस नेताओं के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी पार्टी में जाने को उन्होंने अच्छे छुटकारा की संज्ञा प्रदान की। उन्होंने भाजपा पर अहंकार और कांग्रेस को सिरे से खारिज करने के लिए निशाना साधा।
सिब्बल ने कहा, कारपोरेट सेक्टर मोदी के साथ है। वे ही मोदी के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। सिब्बल से मोदी को भाजपा का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाये जाने के बाद सेंसेक्स उपर चले जाने की खबरों के बारे में पूछा गया था। यह पूछे जाने पर कि क्या वह आरोप लगा रहे हैं, सिब्बल ने कहा कि वह आरोप नहीं लगा रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या कारपोरेट सेक्टर या मीडिया को मोदी की ओर से पैसा दिया जाता है, उन्होंने कहा, मैंने ऐसा नहीं कहा।
सिब्बल ने कहा, रात्रिभोज के लिए प्रति प्लेट 2.50 लाख रूपये। यह कुछ ऐसी बात नहीं है जो आपको स्पष्ट कर सके कि कारोबारी समुदाय क्या चाहता है ? वह मोदी से ऐसी ही छूट चाहता है जो उन्हें गुजारात में मिली है। इसलिए वे उनका समर्थन कर रहे हैं। वास्तविकता यह है कि गुजरात में कारोबारी समुदाय विशेष तौर पर वह समूह जो छूट चाहता है, वह उनके अभियान को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने हालांकि किसी का नाम नहीं लिया और कहा, मैं किसी व्यक्ति विशेष के बारे में बात नहीं कर रहा हूं।
कांग्रेस के 2009 चुनाव की तुलना में इस बार बेहतर प्रदर्शन करने के राहुल गांधी के बयान पर कुछ लोगों के हंसने के बारे में पूछे जाने पर सिब्बल ने कहा, उन्होंने क्या कहा, क्यों कहा, जब उन्होंने यह बात कही तब उनके मन में क्या था, यह सही है, या गलत.. इस बारे में मैं टिप्पणी नहीं करने जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि वह इस बात से आश्चर्यचकित हैं कि लोग इस पर हंस रहे है क्योंकि यह उनके अहंकार को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जगदम्बिका पाल जैसे नेताओं के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को छुटकारा मिल गया। सिब्बल ने कहा कि कांग्रेस इस बात से खुश है कि उसे राम विलास पासवान से छूटकारा मिल गया जिनकी पार्टी लोजपा हाल ही में राजग में शामिल हुई है। उन्होंने कहा कि राज्यों में भाजपा का विश्वसनीय गठबंधन नहीं है, शिवसेना अब अलग होने को है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 23, 2014, 11:51