Last Updated: Saturday, December 14, 2013, 21:32
नई दिल्ली : अगले साल होने वाले आम चुनावों में कांग्रेस को परास्त करने तथा भाजपा को विकल्प बनने से रोकने के लिए भाकपा क्षेत्रीय धर्मनिरपेक्ष दलों के साथ राज्य आधारित चुनावी गठबंधन और सीटों का तालमेल करेगी।
पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज यहां संपन्न हुयी। पार्टी ने कहा कि वह अगली लोकसभा में वाम की मजबूत उपस्थिति चाहती है ताकि केंद्र में गैर कांग्रेस और गैर भाजपा सरकार के गठन में अहम भूमिका निभायी जा सके।
भाकपा नेताओं ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों की समीक्षा की। भाकपा ने नतीजों को महंगाई तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों की नाराजगी की अभिव्यक्ति बताया और कहा कि यह संप्रग दो की जनविरोधी नीतियों को झिड़की है क्योंकि लोगों ने सरकार की नव-उदारवाद नीतियों के खिलाफ मतदान किया।
भाकपा के वरिष्ठ नेता डी राजा ने कहा कि लोग दोनों प्रमुख दलों के विकल्प की ओर देख रहे हैं। दिल्ली में आप ने अपने को उचित विकल्प के रूप में पेश किया और अच्छे नतीजे मिले।
राजा ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की जनवरी के तीसरे हफ्ते में फिर बैठक होगी जिसमें तैयारियों की समीक्षा की जाएगी और 2014 के चुनावों के बारे में फैसले किए जाएंगे। (एजेंसी)
First Published: Saturday, December 14, 2013, 21:32