Last Updated: Saturday, December 14, 2013, 20:03
अगरतला : मार्क्सावादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) के शानदार प्रदर्शन की शनिवार को सराहना की, और कहा कि आप भविष्य के अपने राजनीतिक कार्यक्रमों व योजनाओं को स्पष्ट करे। करात ने यहां जारी माकपा की केंद्रीय समिति की बैठक के दौरान संवाददाताओं से कहा, विधानसभा चुनाव में आप कांग्रेस और भाजपा के सामने एक सशक्त विकल्प के रूप में उभरी है। हमें आप को समर्थन देने से पहले उनके राजनीतिक कार्यक्रमों, नीतियों और योजनाओं को देखना है।
विधानसभा चुनावों के परिणामों पर करात ने कहा कि भाजपा 2004 और 2009 के लोकसभा चुनावों में इन पांच राज्यों (राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली और मिजोरम) में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी, यद्यपि इस विधानसभा चुनावों में उसका प्रदर्शन अच्छा रहा। करात ने कहा, देश में कुछ राज्य ऐसे हैं, जहां द्विध्रुवीय राजनीति है, लेकिन कई राज्यों में चुनावी लड़ाई त्रिकोणीय या बहुकोणीय है, जिसके कारण तीसरे धर्मनिरपेक्ष विकल्प के आकार लेने की संभावना बनती है। करात ने कहा कि कांग्रेस और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की शासन की विफलता के कारण विधानसभा चुनावों में भाजपा को लाभ हुआ।
माकपा नेता ने कहा कि वाम दल लोकसभा चुनाव से पहले सांप्रदायिक ध्रुवीकरण रोकने के लिए काम करेंगे। करात पार्टी की केंद्रीय समिति के 77 सदस्यों, जिसमें पोलिब ब्यूरो के 13 सदस्य शामिल हैं, के साथ तीन दिवसीय बैठक में हिस्सा ले रहे हैं, जो शुक्रवार को शुरू हुई। माकपा केंद्रीय समिति में कुल 93 सदस्य और पोलित ब्यूरो में 15 सदस्य हैं। माकपा का गठन 17 अक्टूबर, 1920 को हुआ था और उसके बाद से केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो की बैठक पहली बार त्रिपुरा में हो रही है। त्रिपुरा एक मात्र राज्य है, जहां माकपा की सरकार है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, December 14, 2013, 20:03