Last Updated: Thursday, January 16, 2014, 00:32
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली: दिल्ली में 51 साल की एक विदेशी महिला के साथ कथित तौर पर गैंगरेप, मारपीट और लूटपाट के मामले में और दो संदिग्ध लोगों की गिरफ्तारी हुई है जबकि जबकि आठ अन्य को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, डेनमार्क की यह महिला जब कनॉट प्लेस से अपने होटल के लिए आ रही थी, उसी वक्त कुछ लोगों ने पहले तो इस महिला के साथ लूटपाट की और फिर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। नबी करीम थाने में इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात कुछ अज्ञात बदमाशों ने विदेशी महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया। डेनमार्क की 51 वर्षीय महिला भारत घूमने आई थी। यह महिला आगरा से दिल्ली आई थी और यहां पहाड़गंज स्थित के एक होटल में ठहरी थी। मंगलवार को यह महिला नेशनल म्यूजियम घूमने गई और वहां से लौटते समय रास्ता भटक गई और कनाट प्लेस से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बीच किसी जगह पर पहुंच गई। बताया जाता है कि वहां मौजूद कुछ लोग उसे चाकू का भय दिखाकर सुनसान इलाके में ले गए। इन लोगों ने पहले उस विदेशी महिला के साथ लूटपाट की और फिर इसके बाद सामूहिक दुष्कर्म किया।
हादसे के बाद पीड़ित महिला किसी तरह होटल पहुंची और डेनमार्क दूतावास को इस बात की सूचना दी। दूतावास से जानकारी मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने पीड़िता के पास पहुंच उसका बयान लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना उस समय हुई जब पीड़िता कनॉट प्लेस से पहाड़गंज स्थित अपने होटल लौटते समय रास्ता भूल गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस बारे में चुप्पी साध रखी है। इस संबंध में पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आगरा की यात्रा कर सोमवार को दिल्ली लौटी इस विदेशी महिला ने कहा कि अगर मामले में उसकी जरूरत पड़ी तो वह फिर भारत आ सकती है।
एक पखवाड़े के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले तीन जनवरी को मथुरा से दिल्ली आते हुए पोलैंड की एक महिला के साथ उसे लिफ्ट देने वाले कैब चालक द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने की घटना की शिकायत पुलिस को मिली थी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने उप राज्यपाल से बुधवार को मुलाकात की और दिल्ली में लगातार बढ़ रहे दुष्कर्म के मामले पर दिल्ली पुलिस आयुक्त से हुई चर्चा का उनसे जिक्र किया।
First Published: Thursday, January 16, 2014, 00:12