Last Updated: Sunday, March 9, 2014, 20:51
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : दिल्ली चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी (आप) को आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया है। दिल्ली चुनाव आयोग ने केंद्रीय चुनाव आयोग से आप पर कड़ी कार्रवाई करने की सिफारिश की है। आप ने गत पांच मार्च को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन किया था, भाजपा ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की थी।
भाजपा दफ्तर पर प्रदर्शन को लेकर आप पार्टी ने दिल्ली चुनाव आयोग को अपना जवाब भेजा है लेकिन चुनाव आयोग आप के इस बयान से संतुष्ट नहीं है। आप ने हालांकि अपने जवाब में कहा है कि इस तरह का प्रदर्शन वह आगे नहीं करेगी।
ज्ञात हो कि गुजरात दौरे के समय पुलिस द्वारा आप पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को रोके जाने की खबर दिल्ली पहुंचने पर यहां आप के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाजपा के पार्टी मुख्यालय पहुंच गए। आप कार्यकर्ताओं ने उग्रता दिखाते हुए भाजपा दफ्तर पर कथित रूप से पत्थरों से हमला किया। दोनों तरफ से पत्थरबाजी में कई लोग भी घायल हुए। आप कार्यकर्ताओं का नेतृत्व पत्रकार से राजनीति में आए आशुतोष और शाजिया इल्मी ने किया था। पुलिस ने प्रदर्शन को लेकर आशुतोष और शाजिया से पूछताछ की।
उधर, भाजपा ने इस पूरे मामले की शिकायत दिल्ली चुनाव आयोग से की। समझा जाता है कि केंद्रीय चुनाव आयोग अब आप पार्टी पर कार्रवाई कर सकता है।
First Published: Sunday, March 9, 2014, 19:44