घने कोहरे से दिल्ली में ट्रेनों का आवागमन प्रभावित

घने कोहरे से दिल्ली में ट्रेनों का आवागमन प्रभावित

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। रविवार को भी यहां इस मौसम का सबसे घना कोहरा छाया था। सुबह के वक्त दृश्यता 300 मीटर तक होने की वजह से कई उड़ानों और रेलगाड़ियों का आवागमन बाधित हुआ।

दिल्ली से दुबई जा रहीं अनुजा मोहन ने बताया कि दिल्ली के घने कोहरे की वजह से मेरे विमान की दिशा अहमदाबाद की तरफ कर दी गई है। हवाईअड्डे पर इंतजार कर रहे लोगों की शिकायत है कि अधिकारी उन्हें उड़ानों की देरी और स्थगन के बारे में कोई सूचना नहीं दे रहे।

चेन्नई की यात्रा कर रहे दिनकर कृष्णन ने कहा कि उड़ान का वास्तविक समय सुबह 6.40 बजे था। लेकिन कोहरे की वजह से इसका समय बदल कर 8.45 बजे कर दिया गया। एक घंटे के बाद भी कोई उड़ान में देरी की वजह नहीं बता रहा। उत्तर रेलवे के मुताबिक, दिल्ली की तरफ जा रही 44 रेलगाड़ियां नियत समय से देरी से चल रही हैं और पांच का समय बदला गया है। दिल्ली से नोएडा और गुड़गांव जा रहे यात्रियों को यातायात में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

शहर में सोमवार सुबह का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक दिन में मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह 8.30 बजे वातावरण में आद्र्रता 100 फीसदी दर्ज की गई। इधर, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 19.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम भी एक डिग्री नीचे 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। (एजेंसी)

First Published: Monday, January 6, 2014, 13:24

comments powered by Disqus