Last Updated: Friday, April 4, 2014, 21:10
नई दिल्ली : बसपा सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ बलात्कार के मामले ने नया मोड़ ले लिया जब कथित पीड़िता ने दिल्ली की एक अदालत में कहा कि धनंजय ने उसके साथ दुष्कर्म नहीं किया था। सूत्रों के अनुसार 42 वर्षीय महिला ने बंद कमरे में सुनवाई के दौरान अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सरिता से कहा कि सिंह ने उसके साथ कुछ गलत नहीं किया और उसके साथ बलात्कार नहीं किया।
हालांकि महिला के बयान उसके पुलिस तथा एक मजिस्ट्रेट के सामने दिये गये पहले के बयानों के उलट हैं जिसमें उसने कहा था कि सिंह ने करीब चार साल तक उसके साथ बार बार दुष्कर्म किया। रेलवे कर्मचारी महिला ने अदालत में अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर बयान दिया। उसका बयान कल भी दर्ज किया जाएगा।
बलात्कार के मामले में सिंह के खिलाफ आरोपपत्र में पुलिस ने आरोप लगाया था कि उन्होंने जुलाई 2005 से मार्च 2009 के बीच महिला के साथ बार-बार बलात्कार किया।
महिला की शिकायत का उल्लेख करते हुए पुलिस ने आरोप लगाया था कि सिंह ने बंदूक दिखाकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया था और किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
सूत्रों ने कहा कि पीड़िता ने कहा कि उसने जौनपुर से सांसद सिंह के खिलाफ इसलिए शिकायत दर्ज कराई थी क्योंकि वह उसके वैवाहिक जीवन में दखल देते थे और उसके पति ने 2009 में उसे तलाक के कागज भेजे थे जिसे लेकर वह परेशान थी। महिला ने यह भी कहा कि वह सिंह के खिलाफ कोई बयान नहीं देना चाहती और उसने अपने रिश्तेदारों के दबाव में मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दिया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, April 4, 2014, 21:10