Last Updated: Tuesday, December 17, 2013, 19:19

नई दिल्ली : भाजपा ने भारतीय उप महावाणिज्य दूत देवयानी खोबरागडे के साथ न्यूयार्क में शर्मनाक और बर्बर व्यवहार के लिए मंगलवार को अमेरिका की भर्त्सना करते हुए सरकार से कहा कि वह अमेरिका के साथ यह मसला पूरी मजबूती से उठाए।
भाजपा नेता रवि शंकर प्रसाद ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि भारतीय राजनयिक के साथ जो बर्ताव हुआ, वह भारत और अमेरिका की दोस्ती के उस पैमाने पर खरा नहीं उतरता, जिसका दावा सरकार करती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह उनके हाथ बांधकर उन्हें गिरफ्तार किया गया, थाने में नशाखोर अभियुक्तों के साथ रखा गया और जामा तलाशी ली गई, वह निन्दनीय और अफसोसजनक है। यह संधियों और परंपराओं का स्पष्ट उल्लंघन है।
प्रसाद ने कहा कि ऐसा बर्ताव अमेरिका की आदत में शुमार है। पहले भी भारत के एक पूर्व राष्ट्रपति के साथ अस्वीकार्य व्यवहार किया गया। लोकतांत्रिक रूप से चुने हुए नेताओं को वीजा नहीं दिया गया और अब हमारे राजनयिक के साथ ऐसा बर्ताव किया गया। भाजपा नेता ने सवाल किया कि भारत संप्रभु राष्ट्र है और अगर वह भी अमेरिकी राजनयिकों के साथ ऐसा ही बर्ताव करने लगे तो अमेरिका की क्या प्रतिक्रिया होगी। उन्होंने कहा कि हम भारत सरकार से आग्रह करेंगे कि वह इस मामले में कडी कार्रवाई करे ताकि भारत की संप्रभुता और राजनयिक समुदाय की गरिमा को बनाये रखा जा सके। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 17, 2013, 19:19