Last Updated: Sunday, December 8, 2013, 16:27

हैदराबाद : तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ में विधानसभा चुनावों का परिणाम दिखाता है कि समूचे देश में कांग्रेस विरोधी माहौल है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सहानुभूति कारणों से केवल छत्तीसगढ में कुछ सीटें निकालने में कामयाब रही। यह कुल मिलाकर यही दिखाता है कि पूरे देश में कांग्रेस विरोधी हवा बह रही है। उन्होंने कहा कि रूपये की कमजोरी, महंगाई, बढती बेरोजगारी, कथित व्यापक भ्रष्टाचार, चीन और पाकिस्तान को कड़ा जवाब देने में कथित नाकामी और महिलाओं के खिलाफ बढती हिंसा जैसे कारणों से देश का भरोसा कांग्रेस में खत्म हो गया है।
आज के परिणाम को सुशासन के लिए मतदान बताते हुए उन्होंने कहा कि तेदेपा इसका स्वागत करती है। नायडू ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ आंध्रप्रदेश में भी इसी तरह की जनविरोधी लहर है। समस्या का समाधान किये बगैर वे राज्य का बंटवारा करने की कोशिश कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि तेदेपा भविष्य में भी कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ काम करती रहेगी। (एजेंसी)
First Published: Sunday, December 8, 2013, 16:27