कांग्रेस पहले आंखों में धूल झोंकती थी, अब मिर्च झोंकती है: मोदी

कांग्रेस पहले आंखों में धूल झोंकती थी, अब मिर्च झोंकती है: मोदी

कांग्रेस पहले आंखों में धूल झोंकती थी, अब मिर्च झोंकती है: मोदीज़ी मीडिया ब्यूरो

बेंगलुरू: बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कर्नाटक के दावनगिरि में रैली कर कांग्रेस को जमकर खिंचाई की। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए इस रैली में कहा कि हिंदुस्तान को बचाने के लिए कांग्रेस मुक्त भारत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी पर एक ही परिवार का कब्जा है कांग्रेस की लोकतंत्र में आस्था ही नहीं है लोकतंत्र को जातिवाद, वंशवाद, संप्रदायवाद और अवसरवाद से खतरा है।

मोदी ने कहा कि मैं जनता की तपस्या बेकार नहीं जाने दूंगा। आज सीमांध्र और तेलंगाना के भाइयों को मरहम की जरूरत है। मैडम सोनिया और राहुल गांधी के पास आंध्र प्रदेश जाने की फुर्सत नहीं है। आज आंध्र मुसीबत में है उनके पास कहने के लिए दो शब्द नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का अहंकार सातवें आसमान पर है और कांग्रेस सत्ता के नशे में है। मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया में हिंदुस्तान की बेइज्जती हो रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को केंद्र सरकार ने रेप कैपिटल बना दिया है।

उन्होंने राहुल गांधी पर अपरोक्ष रूप से हमला बोलते हुए कहा कि गांधीजी के समय में कांग्रेस में एक सोच थी। लेकिन अब नकली गांधी के आने से कांग्रेस सोच में है। कांग्रेस के लिए गरीबी एक सोच है। लेकिन हमारे लिए गरीब दरिद्र नारायण है। हमारी और उनकी सोच में यही अंतर है। कांग्रेस की सोच है कि पैसे पेड़ पर नहीं उगते हैं, लेकिन पैसे खेत-खलिहान में किसानों की मेहनत से उगते हैं।

मोदी ने पिछले दिनों लोकसभा में पेपर स्प्रे छिड़कने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि देश की आंख में धूल झोंकने का काम तो पहले कांग्रेस करती ही थी, अब आंखों में 'मिर्ची' डालने का भी काम कर रही है। लोकतंत्र के मंदिर में इस तरह से जन-प्रतिनिधियों की आंखों में मिर्ची फेंकी जाए और कांग्रेस अपनी राजनीति चमकाती रहे, यह शर्मनाक है।

उन्होंने अपने भाषण में एक बार फिर नदियों को जोड़ने की योजना की वकालत की। उन्होंने कहा कि हम नदियों को जोड़ेगे। इससे बाढ़ भी नहीं आती और सूखा भी नहीं पड़ता। पानी का सही उपयोग पूरे देश को हरा-भरा बना सकता है। यह संभव है, हमने गुजरात में करके दिखाया है। मोदी ने कहा कि आपने अहमदाबाद में देखा होगा कि साबरमती नदी पानी से भरी है। इस नदी में नर्मदा का पानी है। हमने दोनों को जोड़ा है और साबरमती को जिंदा किया है। यह काम पूरे भारत में हो सकता है।

मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आपकी सोच है समाज को तोड़ो और राज करो, हमारी सोच है समाज को जोड़ो और विकास करो। आपकी सोच है वंशवाद हमारी सोच है राष्ट्रवाद है। आप वंशवाद में पले हैं, हम राष्ट्रवाद में पले हैं। आपकी सोच है राजनीति सब कुछ है, हमारी सोच है राष्ट्रनीति ही सब कुछ है। आप सोचते हैं सत्ता कैसे बचाएं, हम सोचते हैं देश कैसे बचाएं।

First Published: Tuesday, February 18, 2014, 14:00

comments powered by Disqus