मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में था उत्सव सा माहौल

मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में था उत्सव सा माहौल

नई दिल्ली : राष्ट्रपति भवन प्रांगण में अब तक के सबसे भव्य शपथ ग्रहण समारोह में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते वक्त उत्सव जैसा माहौल था। पड़ोसी देशों के शीर्ष नेता, देश के पूर्व राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सिने स्टार, कारपोरेट घरानों के प्रमुख और धार्मिक नेता इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने।

ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि राष्ट्रपति भवन प्रांगण में 4000 से अधिक लोगों का जमावडा हुआ हो। मेहमानों का ‘भव्य’ स्वागत किया गया। मोदी के प्रशंसक समारोह के तय समय से कई घंटे पहले आयोजन स्थल पर पहुंच गये थे। गर्मी से राहत देने के लिए लगाये गये पंखे नाकाफी थे लेकिन अधिकांश अपने निमंत्रण पत्र को ही पंखा बनाकर झलते नजर आये। सूरज ढला तो जाकर लोगों को गर्मी से राहत मिली।

प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने जब मोदी शाम छह बजे से कुछ पहले राष्ट्रपति भवन पहुंचे तो चारों ओर ‘मोदी मोदी’ के नारे लगने लगे। ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगे। मोदी के आने से पहले उनके विशेष मेहमान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोइराला, श्रीलंकाई राष्ट्रपति महिन्दा राजपक्षे और दक्षेस देशों के अन्य नेता पहुंचे। उन्हें आगे की पंक्ति में बैठाया गया।

उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व राष्ट्रपति ए पी जे अब्दुल कलाम, प्रतिभा पाटिल, निवर्तमान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी पी चिदंबरम, शरद पवार, प्रफुल्ल पटेल और पल्लम राजू, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौडा, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी, सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई और हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिन्दर सिंह हुड्डा, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, निवर्तमान लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार समारोह में मौजूद थे।

देश के जाने माने उद्योगपति मुकेश अंबानी परिवार सहित, उनके भाई अनिल अंबानी, कुमार मंगलम बिडला, शशि रूइया, गौतम अडानी और वी एन धूत, फिल्मी हस्तियों में सलमान खान, उनके पिता सलीम खान, विवेक ओबराय, धर्मेन्द्र, हेमामालिनी, अनुपम खेर, गीतकार जावेद अख्तर भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। कई हिन्दू साधू संत भी समारोह में शामिल हुए। इनमें पेजावर मठ के प्रमुख विश्वेन्द्र तीर्थ स्वामी शामिल हैं। क्रिकेट जगत से सुनील गावस्कर मौजूद थे।

शपथ ग्रहण समारोह करीब 90 मिनट चला। इसके बाद मोदी और उनकी मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने राष्ट्रपति के साथ सामूहिक फोटो खिंचवायी। फिर मोदी ने पडोसी देशों से आये राष्ट्राध्यक्षों और नेताओं से हाथ मिलाया। मोदी ने निवर्तमान प्रधानमंत्री का अभिवादन किया। इसके तुरंत बाद समारोह स्थल पर अव्यवस्था सी फैल गयी क्योंकि हर कोई नये प्रधानमंत्री से मिलना चाह रहा था।
(एजेंसी)

First Published: Monday, May 26, 2014, 22:39

comments powered by Disqus