Last Updated: Friday, December 13, 2013, 21:51

नई दिल्ली : पूर्व केन्द्रीय गृह सचिव आरके सिंह शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने दावा किया कि यह अकेली ऐसी पार्टी है जो राष्ट्रीय सुरक्षा पर समझौता नहीं करती। सिंह के बारे में कहा जाता है कि वह कथित रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसकी गतिविधियों से संबंधित लोगों से जुड़े हैं।
जून में सेवानिवृत्त हुए सिंह राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों से निपटने की संप्रग सरकार की नीतियों से सहमत नहीं हैं और उनका कहना है कि इनके साथ वोट बैंक की राजनीति के चलते समझौता किया जाता है।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह द्वारा पार्टी में स्वागत किए जाने के बाद सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर मैं भाजपा की कट्टर अभिव्यक्ति को साझा करता हूं। भाजपा और आरएसएस जैसे उसके सहयोगियों ने इस पर कभी समझौता नहीं किया। अन्य दल वोट बैंक के चलते समझौता करने को तैयार रहते हैं।
उन्होंने इस बात से इंकार किया कि गृह सचिव रहते उन्होंने ‘भगवा आतंक’ की विवादास्पद टिप्पणी उछाली थी। उन्होंने इस शब्द के लिए गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे को जिम्मेदार बताया। सिंह के साथ पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के पुत्र सुशील शास्त्री, पूर्व पेट्रोलियम सचिव राघव शरण पाण्डेय और अवकाश प्राप्त रेलवे अधिकारी धर्म सिंह भी भाजपा में शामिल हुए। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 13, 2013, 21:51